CBSE ने 10वीं की अंग्रेजी परीक्षा का विवादित हिस्सा हटाया, सभी परीक्षार्थी को मिलेंगे पूरे नंबर
नई दिल्ली, 13 दिसंबर: सीबीएसई ने 10वीं कक्षा के इंग्लिश लैंग्वेज एंड लिटरेचर पेपर के पहले टर्म की परीक्षा के विवादित हिस्से को हटा दिया है और सभी छात्रों को उस पैसेज के लिए पूरे नंबर देने का ऐलान किया है। सीबीएसई ने बयान जारी कर कहा है कि 11 दिसंबर को हुई अंग्रेजी के पहले टर्म की परीक्षा में प्रश्न पत्र के एक सेट को बोर्ड की गाइडलाइंस के मुताबिक नहीं तैयार किया गया था। इसलिए यह तय किया गया है कि पैसेज नंबर 1 और इससे जुड़े सवालों को जेएसके/1 सीरीज वाले प्रश्न पत्र से हटाया जाता है।
Recommended Video

सभी छात्रों को उस हिस्से के लिए पूरे नंबर मिलेंगे-सीबाएसई
सीबीएसई ने आज एक सर्कुलर जारी किया है उसके मुताबिक उसने माना है कि '10वीं क्लास के फर्स्ट टर्म परीक्षा में इंग्लिश लैंग्वेज एंड लिटरेचर पेपर के एक सेट में प्रश्न पत्र बोर्ड की गाइडलाइंस के मुताबिक नहीं तैयार किए गए थे। इस आधार पर और स्टेकहोल्डर्स से फीडबैक के आधार पर इस मामले को सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमिटी के पास भेजा गया। वहां से जो सिफारिश की गई है, उसके आधार पर यह फैसला लिया गया है कि पैसेज नंबर-1 और इसके सवालों को प्रश्न पत्र सीरीज जेएसके/1 को ड्रॉप किया जाता है। इस पैसेज के लिए सभी संबंधित छात्रों को पूरे नंबर दिए जाएंगे।' यही नहीं सीबीएसई ने कहा है कि 'एकरूपता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए 10वीं क्लास के इंग्लिश लैंग्वेज एंड लिटरेचर के प्रश्न पत्र के सभी सेटों के लिए छात्रों को पैसेज नंबर-1 के लिए पूरे नंबर दिए जाएंगे।'
सोनिया गांधी ने संसद में उठाया था मामला
इससे पहले आज लोकसभा में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि सीबीएसई की 10वीं की परीक्षा में बहुत ही आपत्तिजनक पैसेज दिया गया। उन्होंने इसे तुरंत हटाने और माफी मांगने की मांग की थी। उन्होंने शिक्षा मंत्रालय से यह भी मांग की थी कि यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में ऐसी गलती ना हो।
सीबीएसई से जुड़ा विवाद क्या है ?
दरअसल, शनिवार को हुई सीबीएसई की परीक्षा में 10वीं के प्रश्न पत्र में 'महिलाओं की मुक्ति ने बच्चों पर से माता-पिता का अधिकार खत्म कर दिया' या 'अपने पति के बर्ताव को स्वीकार करके ही एक मां अपने से छोटों का आदर पा सकती है' जैसी लाइनें लिखी गई थीं, जिसको महिला विरोधी मानसिकता करार दिया जा रहा था। सीबीएसई पर महिलाओं का अपमान करने के आरोप लग रहे थे और सोशल मीडिया पर उसकी खूब खिंचाई की जा रही थी।
A passage in one set of English Language & Literature paper of CBSE Class X first term examination held on 1 Dec11, isn't in accordance with guidelines of the Board. It has been decided to drop the passage No.1 & its accompanying questions of the Question Paper Series JSK/1: CBSE pic.twitter.com/ge6p64yxID
— ANI (@ANI) December 13, 2021












Click it and Unblock the Notifications