मनमोहन सिंह के अमृतसर से चुनाव लड़ने पर अमरिंदर सिंह का बड़ा बयान
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के साथ ही तमाम दिग्गज चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के चुनाव लड़ने की जिस तरह से अटकलें सामने आई उसके बाद सियासी हलचल तेज हो गई थी। कयास लगाए जा रहे थे कि कांग्रेस मनमोहन सिंह को पंजाब के अमृतसर से मैदान में उतार सकती है। लेकिन पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इन तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है। अमरिंदर सिंह ने इन कयासों को खारिज करते हुए कहा कि मनमोहन सिंह चुनाव नहीं लड़ेंगे।
अमरिंदर सिंह ने कहा कि मनमोहन सिंह कभी भी अमृतसर से उम्मीदवार नहीं थे। उन्होंने बहुत पहले ही बता दिया था कि वह लोकसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं हैं। अमरिंद सिंह के इस बयान के बाद साफ हो गया है कि मनमोहन सिंह ने चुनावी मैदान में नहीं उतरेंगे। दरअसल भाजपा अरुण जेटली को यहां से उम्मीदवार के तौर पर उतारना चाहती थी। खुद अकाली दल के मुखिया सुखबीर सिंह बादल ने आश्वासन दिया था कि वह जेटली की जीत को सुनिश्चित करेंगे। लेकिन अमरिंद सिंह के बयान के बाद साफ हो गया है कि मनमोहन सिहं यहां से चुनाव नहीं लड़ेंगे।
वहीं लोकसभा चुनाव में पंजाब में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर अमरिंदर सिंह ने आप को दो टूक जवाब दे दिया है। अमरिंदर सिंह ने कहा कि आप के साथ किसी भी तरह का गठबंधन नहीं होगा। हमारा केजरीवाल या किसी और के साथ किसी भी तरह का कोई गठबंधन नहीं है। हम अकेले दम पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे और चुनाव को जीतेंगे। इससे पहले दिल्ली में भी आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन को कांग्रेस ने सिरे से खारिज कर दिया था। जिसके बाद केजरीवाल ने कांग्रेस-भाजपा के साथ अंदरूनी गठबंधन का आरोप लगाया था।
इसे भी पढ़ें- कई चरणों में मतदान से बीजेपी को लाभ की संभावना लेकिन पार्टी के सामने ये चुनौती भी