Cabinet Reshuffle: आंध्रा में कैबिनेट भंग, सभी मंत्रियों ने जगन मोहन रेड्डी को सौंपा इस्तीफा
हैदराबाद,07 अप्रैल। एक बड़ी खबर आंध्रा से है,यहां की कैबिनेट भंग हो गई है, गुरुवार को सभी मंत्रियों ने बैठक करने के बाद सचिवालय में सीएम YS जगन मोहन रेड्डी को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। आपको बता दें कि सरकार बनने के बाद जगनमोहन सरकार का अब तक का ये सबसे बड़ा फेरबदल है। मुख्यमंत्री अब नए सिरे से मंत्रिमंडल का गठन करेंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इन नामों की सूची आज ही राज्यपाल को भेजी जाएगी। आपको बता दें कि वर्तमान मंत्रिमंडल में मौजूद सभी मंत्रियों ने 8 जून 2019 को शपथ ली थी।

मालूम हो कि कल ही मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की थी। वो दो दिवसीय दिल्ली यात्रा पर थे , जहां उन्होंने अपनी यात्रा के दूसरे दिन नितिन गडकरी से मुलाकात करके राज्य की प्रमुख सड़क परियोजनाओं के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा की थी।
जिलों की संख्या हुई अब 26
यह भी बता दें कि बीते 4 अप्रैल को ही राज्य में 13 नए जिलों का गठन किया गया है।आंध्र प्रदेश में जिलों की संख्या बढ़कर 26 हो चुकी है।
10 साल के संंघर्ष के बाद मिली CM की कुर्सी
गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करने वाले वाईएसआर कांग्रेस प्रमुख येदुगुरी संदिंटि जगनमोहन रेड्डी ने राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर साल 2019 में सत्ता संभाली थी। उन्हें राजनीतिक माहौल तो बचपन से मिला था लेकिन सत्ता पर काबिज होने के लिए उन्हें अपने पिता और पूर्व सीएम राजशेखर रेड्डी की मौत के बाद पूरे दस साल तक का लंबा इंतजार और संघर्ष करना पड़ा।
नायडू की तेलुगु देशम पार्टी को करारी शिकस्त दी
रेड्डी की पार्टी ने विधानसभा चुनावों में पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू की तेलुगु देशम पार्टी को करारी शिकस्त दी थी। उनकी पार्टी वाईएसआर कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश विधानसभा की 175 में से 151 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके साथ ही पार्टी ने 25 लोकसभा सीटों में से 22 पर भी जीत हासिल की। गौरतलब है कि रेड्डी आंध्र प्रदेश के विभाजन के बाद राज्य के दूसरे सीएम हैं।












Click it and Unblock the Notifications