महाराष्ट्र: नंदुरबार में खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 5 की मौत, 35 लोग घायल
नंदुरबार। महाराष्ट्र के नंदुरबार में यात्रियों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई है। ये बस खाई में गिर गई है, जिससे अब तक 5 लोगों की मौत हो गई है। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। नंदुरबार के पुलिस अधीक्षक महेंद्र पंडित ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि ये हादसा नंदुरबार के खामचुंदर गांव में हुआ है। घायल लोगों की संख्या 35 के करीब है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।
इनमें से कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। ये बस मलकापुर (बुलढाणा) से सूरत जा रही थी। जिसमें 40 से ज्यादा लोग सवार थे। बस जब विसर्वादी के पास कोदईबारी घाट पहुंची तो वहां अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बस 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इसके तुरंत बाद पुलिस को घटना की सूचना मिली और वह घटनास्थल पर पहुंच गई। बस हादसे में घायल हुए लोगों को बाहर निकालकर पास के अस्पताल में ले जाया गया। जहां सभी का इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, जब बस अनियंत्रित होकर नीचे गिरी तो आगे की ओर बैठे लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इन पांच लोगों में से तीन यात्री हैं, एक ड्राइवर है और एक क्लीनर है। घटनास्थल पर पहुंची नंदुरबार फायर विभाग और पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल लोगों को बस से निकाला और अस्पताल तक पहुंचाया। आपको बता दें इस तरह के हादसे महाराष्ट्र में पहले भी कई बार हो चुके हैं। यहां करीब दो साल पहले मशहूर पर्यटन स्थल महाबलेश्वर में बालासाहेब सावंत कृषि विश्वविद्यालय के कर्मचारियों से भरी बस भी खाई में गिर गई थी। ये घटना पोलादपुर में अंबेनली घाट के पास हुई थी। जिसमें 33 लोगों की मौत हो गई थी।
महाराष्ट्र के राज्यपाल कोश्यारी पर शरद पवार का तंज, आत्म सम्मान वाला व्यक्ति इस्तीफा दे देता