पुणे में बिल्डर पर करीब से दागी 5 गोलियां, हॉस्पिटल में हुई मौत
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में बिल्डर के ऊपर देर रात खूनी हमला किया गया। इस घटना में बिल्डर की मौत हो गई है। शनिवार की रात 11.30 बजे के करीब पुणे के डेक्कन परिसर में प्रभात रोड पर फायरिंग की यह घटना घटी है। देवेंद्र शहा नामक बिल्डर पर पांच गोलियां दागी गई, जिसमें उनकी मौत हो गई है।

बिल्डर की हत्या
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पुणे के डेक्कन परिसर में रात 11.30 बजे के करीब देवेंद्र शहा के घर के नजदीक ही दो लोग बाइक पर सवार होकर आए और उन पर काफी नजदीक से फायरिंग की गई। बिल्डर के ऊपर पांच गोलियां चलाई गई थी, जिसमें से तीन गोलियां लगी और दो गोलियां नहीं लगी।

पुणे हॉस्पिटल में बिल्डर ने दम तोड़ा
इस घटना के बाद बिल्डर बुरी तरह घायल हो गए थे। उनको तुरंत उपचार के लिए नजदीकी पुणे हॉस्पिटल में भरती किया गया था लेकिन इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। देवेंद्र शहा की बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए ससून हॉस्पिटल में भेज दिया गया है।

पुलिस कर रही हत्यारों की तलाश
पुलिस खूनी हमला करनेवाले दो बाइक सवारों की तलाश कर रही है। इस घटना से परिसर में काफी खलबली मच गई है। प्रभात रोड पुणे का सबसे शांत और रईसों के इलाकों के रूप में जाना जाता है। इस परिसर में इस तरह की घटना से परिसर के नागरिकों में काफी भय का माहौल देखा गया है। फायरिंग करनेवाले दोनों बाइक पर सवार होकर आए थे और चेहरे पर रूमाल बांधकर आए थे। पुलिस ऐसा अनुमान व्यक्त कर रही है कि फिरौती के चलते यह हमला किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications