#Mahagathbandhan: प्रेस रिलीज में पहली बार दिखा सपा-बसपा में इस तरह का गठबंधन
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Elections 2019) को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के बीच गठबंधन का आधिकारिक ऐलान आज हो सकता है। दोनों दल के मुखिया आज लखनऊ में संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे हैं। ये प्रेस कॉन्फ्रेंस लखनऊ के होटल ताज में दोपहर 12 बजे आयोजित की गई है। हालांकि आधिकारिक ऐलान के पहले ही दोनों दलों के बीच गठबंधन दिखाई दिया।
पहली बार दोनों पार्टी के नेताओं का हस्ताक्षर प्रेस रिलीज पर मौजूद था। समाजवादी पार्टी की तरफ से राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी और बसपा की तरफ से राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा के हस्ताक्षर के साथ आज होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस की जानकारी दी गई थी। ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा था कि यूपी के दोनों परंपरागत विरोधी दलों के नेताओं ने कार्यक्रम के बारे में साझा ऐलान किया।
बता दें कि आज लखनऊ में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा-बसपा के गठबंधन पर अंतिम मुहर लग सकती है और इसी के साथ ही ये दोनों दल लोकसभा चुनाव के लिए शंखनाद कर सकते हैं। इस गठबंधन में कांग्रेस के शामिल होने की संभावनाएं कम ही हैं। अखिलेश यादव पहले ही कह चुके हैं कि कांग्रेस यूपी में उतनी मजबूत नहीं है। बसपा और सपा के 37-37 सीटों पर चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं, हालांकि इसको लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।