मायावती का योगी सरकार पर हमला, बोलीं- यूपी में कानून का राज नहीं, 'जंगल राज' है
नई दिल्ली। बसपा प्रमुख मायावती ने अपने जन्मदिन के मौके पर मीडिया को संबोधित करते हुए कांग्रेस और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। बसपा प्रमुख ने कहा कि कांग्रेस की तरह ही बीजेपी भी अपने निजी स्वार्थ और राजनीतिक लाभ के लिए सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। मायावती ने कहा कि कांग्रेस के समय में भी देश ने ऐसा ही दौर देखा था जिसके कारण जनता ने उनको सत्ता से बेदखल कर दिया।

मीडिया को संबोधित करते हुए मायावती ने यूपी की योगी सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, 'नई पुलिस प्रणाली के साथ-साथ अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की इच्छाशक्ति भी होनी चाहिए। मुझे नहीं लगता कि यूपी में कानून और व्यवस्था की स्थिति सुधरने वाली है। भाजपा में कई आपराधिक तत्व हैं लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। यूपी में कानून का राज नहीं, 'जंगल राज' है।'
मायावती ने कहा कि बीजेपी एनआरसी और एनपीआर की बात कर रही है, जबकि देश बेरोजगारी और महंगाई की भारी समस्या से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पूंजीपतियों की सरकार है। मायावती ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें गरीबों के खिलाफ काम कर रही हैं। वे जो कर रहे हैं वह केवल लोगों के बीच अधिक तनाव और बेरोजगारी बढ़ाने का काम रहा है।
मायावती ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं से जुड़े सभी अपराध दर्ज होने लगें, तो यूपी की असल स्थिति सामने आ जाएगी। मायावती ने कहा कि केंद्र सरकार ने कांग्रेस की तरह ही जनहित और जनकल्याण के मुद्दों को ताक पर रख दिया है। पहले की तरह ही गरीबी, अशिक्षा, महंगाई, हिंसा और अराजकता का माहौल है। मायावती ने कहा कि बसपा गरीब, लाचार और कमजोर की मदद करती है।












Click it and Unblock the Notifications