कर्नाटक में सियासी घमासान, 'सरकार गिराने की साजिश के आरोप' पर येदुरप्पा ने दिया बड़ा बयान
Recommended Video

नई दिल्ली। कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की सरकार बनने के बाद से बीजेपी और सत्ताधारी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। वहीं, कर्नाटक सरकार में मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता डीके शिवकुमार ने बीजेपी पर सनसनीखेज आरोप लगातार सूबे में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी का कर्नाटक में 'ऑपरेशन कमल' पर काम जारी है और वे सरकार गिराने की कोशिश में लगे हैं। वहीं, कांग्रेस के आरोपों पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष येदुरप्पा ने बड़ा बयान दिया है।

कांग्रेस के आरोपों पर येदुरप्पा का बयान
येदुरप्पा ने कहा कि ये सब अफवाह है कि उनके तीन विधायक बीजेपी के संपर्क में हैं। ये कांग्रेस और जेडीएस के बीच का मामला है। बीजेपी उनके विधायकों के संपर्क में नहीं है। हम अपने विधायकों की सक्रियता पर फोकस कर रहे हैं। दरअसल, डीके शिवकुमार ने आरोप लगाते हुए कहा था कि कांग्रेस के तीन विधायक भाजपा के कुछ नेताओं के साथ मुंबई के एक होटल में हैं। वहां क्या हुआ है और उनको कितनी रकम की पेशकश की गई है, उसकी पूरी जानकारी है।

शिवकुमार के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार
शिवकुमार के इन आरोपों पर बीजेपी ने भी पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता सदानंद गौड़ा ने कहा कि कांग्रेस अपने विधायकों पर लगाम लगाने में असफल रही है। कांग्रेस अपने विधायकों को कर्नाटक में एक साथ नहीं रख पा रही है और बिना वजह बीजेपी पर आरोप लगा रही है। दूसरी तरफ, तीन विधायकों के 'लापता' होने और बीजेपी के संपर्क होने की खबरों पर सीएम कुमारस्वामी का भी बयान आया है।

कुमारस्वामी बोले- तीनों विधायक उनके संपर्क में, सरकार को कोई खतरा नहीं
सीएम कुमारस्वामी ने कहा, 'तीनों कांग्रेस विधायक उनके संपर्क में हैं। उन्होंने अपने मुंबई जाने के बारे में मुझे सूचित किया था। मेरी सरकार को कोई खतरा नहीं है। मुझे पता है कि बीजेपी क्या कर रही है और क्या-क्या पेशकश की जा रही है। मैं इससे निपट सकता हूं। मीडिया को इसमें परेशान होने की जरूरत नहीं है।'

शिवकुमार के बयान पर कांग्रेस ने भी दी सफाई
इसके अलावा कर्नाटक के डिप्टी सीएम जी परमेश्वर का भी बयान आया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता बोल रहे हैं कि ये सरकार गिर जाएगी। लेकिन ऐसा नहीं होगा, हमारे विधायक नेता मुंबई गए हैं। वे मंदिर जा सकते हैं, छुट्टी पर हो सकते हैं या फिर परिवार के साथ घूमने जा सकते हैं, हम इसके बारे में नहीं जानते हैं। किसी ने ये नहीं कहा कि वे तीनों बीजेपी का दामन थामकर सरकार को अस्थिर करने जा रहे हैं। हमारे सभी विधायक साथ हैं।












Click it and Unblock the Notifications