'स्वदेशी बोलकर विदेशी चड्ढी बनाने लगे',बाबा रामदेव को बृजभूषण शरण सिंह ने क्यों दी चेतावनी,अब किस बात पर बवाल?
कैसरगंज से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने योग गुरु बाबा रामदेव की देशव्यापी आंदोलन वाली चेतावनी पर तीखा हमला बोला है। बृजभूषण ने रामदेव के स्वदेशी अभियान से लेकर उनके पुराने आंदोलन तक पर सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने यहां तक कह दिया कि जो व्यक्ति पहले सलवार पहनकर भागा हो, उसे आंदोलन की बात करते हुए कोई गंभीरता से नहीं लेगा। अब दोनों के बीच पुरानी तनातनी फिर चर्चा में है।
कुछ दिन पहले बाबा रामदेव ने देश में भ्रष्टाचार और सरकारी भर्तियों में कथित गड़बड़ी को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी थी। उनका कहना था कि स्कूल-कॉलेजों में सुविधाओं की कमी से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी नौकरी के इंटरव्यू तक कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इंटरव्यू में पहचान, संगठन और जाति के आधार पर लोगों को फायदा पहुंचाया जाता है और पैसे लेकर भर्ती की शिकायतें भी सामने आती हैं।

रामदेव ने साफ कहा था कि वह आंदोलन या अराजकता के पक्ष में नहीं हैं, लेकिन अगर व्यवस्था नहीं सुधरी तो हालात ऐसे बन सकते हैं कि उन्हें आंदोलन के लिए मैदान में उतरना पड़े। इसी बयान पर बृजभूषण से सवाल हुआ तो उन्होंने रामदेव पर सीधा निशाना साध दिया।
बृजभूषण ने कहा,
"रामदेव स्वदेशी का नारा लेकर आगे बढ़े थे, लेकिन अब विदेशी चड्ढी तक बनाने लगे हैं। ऐसे में उनकी बात को कौन गंभीरता से लेगा। अगर आंदोलन करना है तो मैदान में आकर दिखाएं। पहले भी वह सलवार पहनकर भाग चुके हैं, वह तस्वीर लोगों को याद है।"
पतंजलि की जन्मस्थली से शुरू हुई पुरानी खींचतान
बृजभूषण और रामदेव की यह लड़ाई नई नहीं है। दोनों के बीच महर्षि पतंजलि की जन्मस्थली को लेकर भी कई बार बयानबाजी हो चुकी है। बृजभूषण का दावा रहा है कि महर्षि पतंजलि के नाम से बड़ा कारोबार खड़ा किया गया, लेकिन गोंडा में उनकी जन्मस्थली के विकास के लिए उतना काम नहीं हुआ। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच पहले भी जुबानी टकराव देखने को मिला है। अब रामदेव की आंदोलन वाली चेतावनी ने इस पुराने विवाद को फिर हवा दे दी है।
CJP पर भी बरसे बृजभूषण, बोले- अब कोई मुद्दा नहीं बचा
बृजभूषण ने कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने छात्रों से जुड़े मुद्दे उठाए थे और सरकार ने उनकी मांगों पर कदम उठाए। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी पूरी हो चुकी है। ऐसे में अब बार-बार नए सवाल खड़े करने का कोई मतलब नहीं है। उनके मुताबिक सीजेपी ने छात्रों के मुद्दे को लेकर आंदोलन किया और उनका निशाना लग गया। लेकिन अब पार्टी जरूरत से ज्यादा सक्रियता दिखा रही है और उसके पास कोई बड़ा मुद्दा नहीं बचा है।
चीनी महंगी हुई तो गन्ने का भाव भी बढ़ना चाहिए
चीनी की कीमत बढ़ने के सवाल पर बृजभूषण ने किसानों का पक्ष लिया। उन्होंने कहा कि अगर चीनी महंगी हो रही है तो गन्ने का दाम भी बढ़ना चाहिए। उनका सवाल था कि कार, दवा, बाइक, डीजल और पेट्रोल महंगे होने पर उतना हंगामा क्यों नहीं होता, जितना चीनी के दाम बढ़ने पर होता है।
बृजभूषण ने नकली घी, समोसे और दूसरे मिलावटी सामान के मुद्दे पर भी सरकार और अधिकारियों को घेरा। उन्होंने कहा कि वह काफी पहले से मिलावट को लेकर आवाज उठा रहे हैं। उनका तंज था,
"जब मैंने इस बारे में कहा तो मेरी बात गलत बताई गई, लेकिन जब डब्ल्यूएचओ ने चिंता जताई तो वही बात सही मान ली गई। सरकार ने कुछ चीजों पर रोक लगाई है, लेकिन कार्रवाई पहले क्यों नहीं हुई। अधिकारियों को भी जवाबदेह बनाना होगा, क्योंकि कई बार नकली सामान बेचने वाले बच जाते हैं और असली कारोबारियों पर ही कार्रवाई हो जाती है।"
कुश्ती संघ पर क्या बोले बृजभूषण शरण सिंह?
भारतीय कुश्ती संघ यानी डब्ल्यूएफआई को लेकर बृजभूषण ने कहा कि वह तीन बार संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं। अब उनके बेटे करण भूषण सिंह और संजय सिंह संगठन में आगे की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कुश्ती की स्थिति फिलहाल ठीक है और भारतीय पहलवान लगातार मेडल जीत रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications
