बृजभूषण सिंह महिला पहलवानों के यौन शोषण केस में बरी, क्या फिर लड़ेंगे चुनाव? जानिए अब तक की पूरी टाइमलाइन

भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से सोमवार (03 अगस्त) को बहुत बड़ी राहत मिली है। महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के मामले में अदालत ने उन्हें सबूतों की कमी के चलते बरी कर दिया है।

3 अगस्त 2026 को आए इस फैसले ने लगभग साढ़े तीन साल से चल रही कानूनी लड़ाई का खत्म कर दिया है। कोर्ट के इस आदेश के बाद अब कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या बृजभूषण एक बार फिर से चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाएंगे।

Brij Bhushan Sharan Singh Acquitted

फैसले के बाद क्या बोले बृजभूषण और उनके वकील?

कोर्ट का फैसला आने के बाद बृजभूषण शरण सिंह की पहली प्रतिक्रिया सामने आई। उन्होंने कहा, "मैंने इस मामले में पहले जो कुछ भी कहा था, आज अदालत के फैसले ने उसी बात पर सच्चाई की मुहर लगा दी है।" वहीं उनके वकील ने कहा कि शिकायतकर्ताओं के बयानों और शुरुआती दावों में कई तरह के विरोधाभास थे। हम डिटेल ऑर्डर आने के बाद ही आगे के कानूनी विकल्पों पर बात करेंगे।

क्या फिर से चुनाव लड़ेंगे बृजभूषण सिंह?

यौन उत्पीड़न के आरोपों की वजह से 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने बृजभूषण शरण सिंह का टिकट काट दिया था। हालांकि, पार्टी ने उनके दबदबे को देखते हुए उनके बेटे करण भूषण सिंह को मैदान में उतारा और उन्होंने शानदार जीत दर्ज की।

अब जब दिल्ली की अदालत ने उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया है, तो राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है। दाग मुक्त होने के बाद क्या वे फिर से अपनी पुरानी सीट से चुनावी रण में उतरेंगे? यह आने वाले समय में भाजपा के सियासी फैसलों पर निर्भर करेगा, लेकिन कानूनी राहत ने उनके राजनीतिक करियर के रास्ते फिर से खोल दिए हैं।

2023 से 2026: जंतर-मंतर से अदालत के फैसले तक की पूरी टाइमलाइन

यह पूरा मामला जनवरी 2023 से शुरू हुआ था, जब देश के नामी पहलवानों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर बृजभूषण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए डेरा डाला था। आइए सिलसिलेवार ढंग से समझते हैं कि इस केस में कब-कब क्या-क्या हुआ?

  • जनवरी 2023: 18 जनवरी को जंतर-मंतर पर धरना शुरू हुआ। बबीता फोगाट और तत्कालीन खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से बातचीत के बाद Oversight Committee बनी और धरना खत्म हुआ।
  • अप्रैल 2023: ओवरसाइट कमेटी ने रिपोर्ट सौंपी। संतुष्ट न होने पर पहलवान 23 अप्रैल को फिर धरने पर बैठे और सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
  • 28 अप्रैल 2023: दिल्ली पुलिस ने दो FIR दर्ज कीं, जिसमें से एक नाबालिग पहलवान की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट (POCSO) के तहत थी।
  • मई-जून 2023: पहलवानों ने नए संसद भवन की तरफ मार्च किया, पुलिस ने हिरासत में लिया। पहलवान अपने मेडल गंगा में बहाने हरिद्वार भी पहुँचे। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अनुराग ठाकुर से मुलाकात के बाद प्रदर्शन थमा।
  • 15 जून 2023: दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण और विनोद तोमर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। साथ ही पॉक्सो मामले में क्लोजर रिपोर्ट लगा दी।
  • 20 जुलाई 2023: कोर्ट से बृजभूषण सिंह को नियमित जमानत मिली।
  • 10 मई 2024: अदालत ने औपचारिक रूप से आरोप तय किए, लेकिन दोनों आरोपियों ने खुद को बेकसूर बताया।
  • 26 मई 2025: पटियाला हाउस कोर्ट ने पॉक्सो मामले में दिल्ली पुलिस की क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार कर ली।
  • 2026 का घटनाक्रम: मई 2026 तक कुल 32 गवाहों के बयान दर्ज हुए। 9 जून से 2 जुलाई 2026 तक अंतिम बहस चली और फिर 3 अगस्त 2026 को कोर्ट ने अपना अंतिम फैसला सुनाते हुए बृजभूषण सिंह को बरी कर दिया।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+