सात फेरों के बाद दूल्हा नहीं गिन पाया नोट तो दुल्हन ने किया शादी से इंकार
जौनपुर। उत्तर प्रदेश में एक शादी समारोह के दौरान उस समय हंगामा मच गया जब दूल्हे को कुछ रुपये गिनने के लिए दिए गए और वो उन रुपयों को नहीं गिन सका। दुल्हन को जैसे ही इस बात की जानकारी मिली उसने तुरंत ही शादी तोड़ने का ऐलान कर दिया। दुल्हन के इस ऐलान के बाद कन्या पक्ष ने दुल्हे समेत पूरी बारात को बंधक बना लिया। कन्या पक्ष की मांग थी कि लड़के वाले उनकी शादी में हुए खर्च को वापस करें, लेकिन वर पक्ष इसके लिए तैयार नहीं था। आखिरकार मामला पुलिस तक पहुंच गया।
दुल्हन ने उठाया बड़ा कदम
पूरा घटनाक्रम यूपी के जौनपुर का है, यहां सरायखाजा थाना इलाके के हमजापुर गांव से एक बारात लाइनबाजार थाना क्षेत्र के परानापट्टी गांव गई थी। शुरू में सबकुछ ठीक रहा, लड़की पक्ष ने बारातियों का खास स्वागत किया। जयमाल के बाद शादी भी हो गई इसके बाद लड़के को कोहबर में लाया जाया गया। जहां हंसी-ठिठोली के दौरान लड़की पक्ष की महिलाओं ने लड़के को कुछ रुपये गिनने के लिए दिए। काफी देर कोशिश के बाद भी लड़का रुपये गिनने में कामयाब नहीं हो सका।
कोहबर में दूल्हा नहीं गिन सका नोट
जैसे ही दुल्हन को ये पता चला उसका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। लड़की ने दूल्हे पर मंदबुद्धि और अनपढ़ होने का आरोप लगाते हुए ससुराल जाने से मना कर दिया। साथ ही लड़की ने शादी भी तोड़ दी। इसके बाद हंगामा बढ़ा और लड़की पक्ष ने दूल्हे और बारातियों को बंधक बना लिया। दोनों पक्षों की ओर से मामले को सुलझाने की पूरी कोशिश हुई। हालांकि मामला नहीं सुलझ सका।
लड़की पक्ष ने दूल्हे समेत बारातियों को बनाया बंधक
लड़की पक्ष के लोगों की मांग थी कि लड़के वाले शादी में जो भी लड़की पक्ष का खर्च हुआ वो वापस करें। साथ ही दहेज में ली गई रकम भी लौटाने की मांग की गई। इस मामले में पंचायत भी हुई लेकिन लड़के वाले इसके लिए तैयार नहीं हुआ। जब मामले में कोई हल नहीं निकला तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। आखिरकार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को सुलझाया। आखिरकार पुलिस बारातियों को मुक्त कराने में सफल हो सकी।
इसे भी पढ़ें:- नाबालिग बेटी से रेप करने वाले पिता पर कोर्ट का बड़ा फैसला