Srinagar News: श्रीनगर हाईवे पर बिछी थी मौत की चादर! सुरक्षा बलों ने नाकाम की बड़ी आतंकी साजिश
Srinagar News: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने बुधवार की सुबह एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम किया। जांच एजेंसी श्रीनगर-बारामूला नेशनल हाईवे पर मौत का सामान बरामद किया है। नारबल इलाके के पास रिंग रोड पर सड़क किनारे एक संदिग्ध ब्रीफकेस मिलने से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। यह हाईवे सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है, जहां विस्फोटक की मौजूदगी ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी थी।
ताजा अपडेट के अनुसार, सुरक्षा बलों की नियमित गश्त के दौरान सुबह करीब 7:00 बजे सड़क किनारे एक लावारिस ब्रीफकेस देखा गया। इसकी संदिग्ध स्थिति को देखते हुए तुरंत 'आईईडी प्रोटोकॉल' लागू किया गया। सुरक्षा बलों ने बिना समय गंवाए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और हाईवे पर यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया गया।

सूटकेस के अंदर क्या मिला?
जानकारी मिलते ही बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) और 29 राष्ट्रीय राइफल्स की टीम मौके पर पहुंच गई। जांच में पुष्टि हुई कि सूटकेस के अंदर आईईडी (IED) प्लांट किया गया था। सुरक्षा बलों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए इलाके को पूरी तरह सैनिटाइज किया और एक नियंत्रित विस्फोट (Controlled Blast) के जरिए आईईडी को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। गनीमत रही कि इस कार्रवाई में किसी भी तरह के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
सर्च ऑपरेशन जारी
विस्फोटक को नष्ट करने के बाद हाईवे पर यातायात को दोबारा बहाल कर दिया गया है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि इस साजिश के पीछे किस आतंकी संगठन का हाथ है। हाजीवाड़ा पायीन और कुपवाड़ा के आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश के लिए गहन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications