बेटी सारा के साथ काम करने को तैयार सैफ अली खान, लेकिन ये शर्त पूरी होनी चाहिए
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री सारा आली खान हाल ही में अपने पिता सैफ अली खान की फिल्म 'लव आजकल' के रीमेक में दिखाई दी थीं। इस फिल्म में सारा मुख्य भूमिका में थीं और उनके अपोजिट में अभिनेता कार्तिक आर्यन थे। सारा ने अपने अभिनय से दर्शकों का खूब दिल जीता है, लेकिन उनके फैंस अक्सर ये सवाल पूछते हैं कि वह अपने पिता के साथ बड़े पर्दे पर कब नजर आएंगी।

सैफ ने बताई अपनी शर्त
अब हाल ही में अभिनेता सैफ अली खान ने इसपर अपनी राय बताई है। उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में इस मामले पर बात की। सैफ ने कहा कि वह अपनी बेटी सारा अली खान के साथ काम करने के लिए तैयार हैं, लेकिन उनकी एक शर्त है। दरअसल सैफ से सवाल पूछा गया था कि वह 'जवानी जानेमन' फिल्म में अलाया एफ के साथ दिखाई दिए थे। अब 'बंटी और बबली 2' में शारवरी के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे, तो ऐसे में क्या सारा के साथ भी काम करने की कोई योजना है।

'स्क्रिप्ट स्पेशल होनी चाहिए'
इस सवाल का जवाब देते हुए सैफ ने कहा, 'मैं सारा के साथ काम करना पसंद करूंगा लेकिन स्क्रिप्ट स्पेशल होनी चाहिए। मुझे लगता है कि हम नौटंकी को नजरअंदाज करना पसंद करते हैं। मुझे इस बात का यकीन है कि सही डायरेक्टर और स्क्रिप्ट मिले तो ये काफी बेहतर हो सकता है। मैं हमेशा अपने काम और परिवार के बीच अंतर बनाकर रखना चाहता हूं। वो दोनों अलग हैं। मैं ये बात कभी नहीं सोचता कि मुझे मेरी पत्नी या फिर मां के साथ कभी काम करना चाहिए। भविष्य में भी मैं ये अंतर बनाकर चलूंगा।'

'बंटी और बबली 2' ने नजर आएंगे सैफ
वर्कफ्रंट की बात करें तो सैफ अली खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'बंटी और बबली 2' की तैयारी में लगे हुए हैं। ये फिल्म साल 2005 में अभिषेक बच्चन और रानी मुखर्जी स्टारर फिल्म 'बंटी और बबली' का सीक्वल है। फिल्म में लीड जोड़ी के तौर पर सिद्धांत चतुर्वेदी और शारवरी नजर आएंगे। फिल्म में सैफ अली खान और रानी मुखर्जी भी अहम भूमिका में हैं।

इन फिल्मों में दिखेंगी सारा
वहीं सारा अली खान की बात करें तो वह जल्द ही फिल्म 'कुली नंबर वन' में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता वरुण धवन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा सारा फिल्म 'अतरंगी रे' में नजर आएंगी। इसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है और फिल्म में उनके साथ अभिनेता अक्षय कुमार और धनुष मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे।












Click it and Unblock the Notifications