मुंबई में बीच पर मिला सूटकेस, खोलने पर मिले कटे हाथ-पैर
मुंबई। यहां माहिम बीच पर एक ऐसा सूटकेस मिला है, जिसमें किसी अज्ञात व्यक्ति के कटे हुए अंग भरे हुए थे। पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और सूटकेस को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया है कि मंगलवार की सुबह ये सूटकेस बीच के पानी में तैरता हुआ मिला है।
सूटकेस में किसी पुरुष के अंग
जब इस सूटकेस को खोला गया तो हर कोई हैरान था। इस सूटकेस में किसी पुरुष का एक हाथ और एक पैर मिला है। पुलिस सूचना मिलते ही पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। ये कटे हुए अंग किसके हैं, इस बात की जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। इन अंगों को जेजे अस्पताल भेज दिया गया है। यहां उनकी मेडिकल जांच की जाएगी।
मेडिकल रिपोर्ट आने का इंतजार
पुलिस मेडिकल रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। साथ ही अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मृतक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहा है कि उन्हें सोमवार शाम करीब 6 बजे किसी का फोन आया था। पुलिस ने बताया कि सूटकेस में 'एक उल्टा हाथ, एक सीधा पैर और काले रंग के प्लास्टिक के बैग में निजी अंगों के टुकड़े मिले हैं।'
जांच के लिए एक टीम का गठन
पुलिस ने जांच के लिए एक टीम का गठन किया है। जो स्थानीय मछुआरों और कोस्टल पुलिस के साथ मिलकर समुद्र में शरीर के बाकी हिस्से खोजने की कोशिश करेगी। इसके अलावा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों से मिली फुटेज से भी सुराग निकालने की कोशिश की जाएगी। पुलिस को अभी तक कोई सबूत नहीं मिला पाया है। लेकिन आसपास के सभी पुलिस स्टेशन को घटना के बारे में बता दिया गया है।
गुमशुदा हुए लोगों की जानकारी
सूटकेस में मिले इन अंगों के बाद माहिम पुलिस ने सभी पुलिस स्टेशनों को अलर्ट कर दिया है और गुमशुदा हुए लोगों की जानकारी खंगालने के लिए सूचना शेयर की है। पुलिस का मानना है कि ऐसा कर उन्हें पीड़ित शख्स के बारे में जानकारी मिल सकती है।