Bengaluru News: खुशखबरी, बेंगलुरू के 10 मेट्रो स्टेशनों के पास रुकेगी BMTC बस, जानें कौन हैं ये Metro Station
BMTC New Bus Stops Bengaluru Metro Stations: बेंगलुरू शहर में लास्ट-माइल कनेक्टिविटी सुधारने के उद्देश्य से बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (बीएमटीसी) ने एक बड़ी पहल की है। इसके तहत, बेंगलुरु के 10 नम्मा मेट्रो स्टेशनों के पास स्थित 255 बस स्टॉप्स को ट्रांसफर किया जाएगा, जिससे यात्री मेट्रो से उतरने के बाद बसों तक आसानी से पहुंच सकें।
फिलहाल, बस स्टॉप मेट्रो स्टेशनों से 100 से 300 मीटर दूर हैं, जिससे खासकर बारिश में यात्रियों को असुविधा होती है। बीएमटीसी के एक अधिकारी ने बताया कि इससे न केवल यात्रियों को परेशानी होती है बल्कि व्यस्त चौराहों पर बसों के रुकने से ट्रैफिक जाम भी बढ़ता है। इस समस्या को हल करने के लिए यह बदलाव आवश्यक है।

योजना के मुताबिक, इन 255 बस स्टॉप्स को 10 चुनिंदा मेट्रो स्टेशनों (फेज 1 और फेज 2) के 25 से 50 मीटर के दायरे में लाया जाएगा। अधिकारी ने उम्मीद जताई, "बस स्टॉप बदलने से, हमें उम्मीद है कि लास्ट-माइल कनेक्टिविटी में सुधार होगा और ट्रैफिक जाम भी कम होगा क्योंकि बसों को व्यस्त चौराहों पर नहीं रुकना पड़ेगा।"
बेंगलुरू के किन मेट्रो स्टेशन के पास होंगे ये BMTC बस स्टाप?
जिन 10 नम्मा मेट्रो स्टेशनों के पास बस स्टॉप्स को ट्रांसफर किया जाएगा, उनमें मैजेस्टिक, केम्पेगौड़ा बस स्टेशन, शिवाजीनगर, के.आर. मार्केट, जयदेवा हॉस्पिटल, गोरगुंटेपाळ्या, मैसूर रोड टर्मिनल (दीपांजलि नगर), बैयप्पनहल्ली, जलाहल्ली और सिल्क बोर्ड शामिल हैं। ये सभी स्टेशन शहर के महत्वपूर्ण ट्रांसपोर्ट सेंटर है।
20-25 करोड़ रुपये का खर्च होगा
प्रोजेक्ट पर अनुमानित 20-25 करोड़ रुपये का खर्च होगा, जिसका प्रबंध शहरी भूमि परिवहन निदेशालय (डीयूएलटी) के शहरी परिवहन कोष या अन्य स्रोतों से किया जाएगा। क्रियान्वयन की जिम्मेदारी कर्नाटक रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (केआरडीसीयल) या बृहद बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) संभालेंगी। इसके टेंडर जल्द जारी होंगे और इसे अप्रैल 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य है।












Click it and Unblock the Notifications