काला हिरण शिकार मामला: कोर्ट की सलमान को फटकार, कही जमानत खारिज करने की बात
काला हिरण शिकार मामले में सलमान को कोर्ट की फटकार
नई दिल्ली। काला हिरण शिकार मामले में पेश ना होने पर गुरुवार को जोधपुर कोर्ट ने अभिनेता सलमान खान पर कड़ी नाराजगी जताई है। अदालत ने सलमान के वकील से कहा कि अगर अभिनेता अगली सुनवाई पर अदालत में हाजिर ना हुए तो उनकी जमानत को खारिज कर दिया जाएगा। काला हिरण शिकार केस में सलमान को 4 जुलाई को कोर्ट में पेश होना था, लेकिन वो पेश नहीं हुए। केस में अगली सुनवाई 27 सितंबर को होगी। अदालत ने अगली तारीख पर सलमान को हाजिर रहने को कहा है ।

जोधपुर कोर्ट में सलमान के वकील हस्तीमल सारस्वत ने हाजिरी माफी पेश की लेकिन कोर्ट ने इस पर नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई। काला हिरण शिकार मामले में इस मामले में सीजेएम ग्रामीण कोर्ट ने सलमान को पांच साल की सजा सुनाई थी, मामले में वो जमानत पर हैं। सजा के खिलाफ सलमान ने जिला एवं सेशन न्यायालय जोधपुर में अर्जी दी हुई है। जिस पर सुनवाई चल रही है, इसमें चार जुलाई को तारीख थी। सलमान पिछली कई तारीख से अदालत में हाजिर नहीं हुए हैं।
बीते साल पांच अप्रैल को दो दशक पुराने काला हिरण शिकार प्रकरण में फिल्म अभिनेता सलमान खान को दोषी करार देते हुए पांच साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद सलमान को जेल भेज दिया गया था। सात अप्रैल को जिला एवं सत्र न्यायालय ने सलमान खान को सशर्त जमानत दे दी थी। जिसके बाद कोर्ट में ये मामला चल रहा है, सलमान काफी समय से कोर्ट में हाजिरी माफी पेश करते आए हैं। जिससे अदालत नाराज है।












Click it and Unblock the Notifications