पंजाब में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने के भाजपा के ऐलान पर बोली आप- एक पर भी नहीं बचेगी जमानत
नई दिल्ली। पंजाब आम आदमी पार्टी के विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर और युवा नेता अनमोल गगन मान ने कहा है कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी एक भी सीट पर जमानत नहीं बचा पाएगी। हेयर और मान ने बुधवार को चंडीगढ़ में कहा कि 2022 में भाजपा सभी 117 सीटों पर लड़ने की बात कह रही है, वो सीटों पर दफ्तर भी खोलेगी लेकिन लोग अपना दिमाग बना चुके हैं और एक बड़ी हार भाजपा को मिलेगी। वे पंजाब में अपने वाटरलू से मिलेंगे।
भाजपा महासचिव तरुण चुग ने हाल ही में कहा है कि शिरोमणि अकाली दल से अलग होने के बाद उनकी पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और उसने चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। चुग के बयान पर ही बरनाला से आप विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर और स्टेट यूथ विंग को-प्रेसीडेंट अनमोल ने ये जवाब दिया है। आम आदमी पार्टी पंजाब का मुख्य विपक्षी दल है।
हेयर ने कहा, भाजपा और शिअद दोनों ने ही किसानों के साथ विश्वासघात किया है। लोग इन दोनों पार्टियो को पंजाब में प्रवेश करने की अनुमति नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह का छल भाजपा ने किसानों के साथ किया है, वो सिर्फ किसान ही नहीं बल्कि हर एक पंजाबी का अपमान है। किसान और पंजाब पर वार करके अगर भाजपा को लगता है कि वो यहां जीत जाएगी तो ये उसकी गलतफहमी है। आप नेता ने कांग्रेस और सीएम अमरिंदर सिंह को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि ये लोग भी किसानों का हक छीनने और उन पर अत्याचार करने में भाजपा के सहयोगी ही नजर आए हैं।
पंजाब में भाजपा लंबे समय से शिरोमणि अकाली दल के साथ चुनाव लड़ती रही है। किसानों से जुड़े नए कानूनों के मुद्दे पर अकाली दल गठबंधन से बाहर हो गई है। जिसके बाद बीजेपी ने 2022 में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर लड़ने का ऐलान किया है। दो दिन पहले बीजेपी महासचिव तरुण चुग ने कहा है कि साल 2022 में पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी सभी 117 सीटों पर मैदान में उतरेगी। जिसके लिए पार्टी ने इसके लिए युद्धस्तर पर तैयारी शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- ईडी के सामने पेश हुए पंजाब सीएम के बेटे रणिंदर सिंह, आय से अधिक संपत्ति का है मामला