नागरिकता संशोधन कानून पर लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाएगी बीजेपी, विपक्ष को करेगी बेनकाब
नई दिल्ली। नागरिकता कानून को लेकर पूरे देश में बवाल मचा हुआ है। जगह-जगह पर आगजनी हो रही है और देशभर में करीब 20 लोग जान गंवा चुके हैं। इस बीच बीजेपी ने निर्णय लिया है कि वह लोगों को नागरिकता कानून समझाने के लिये अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत देशभर में तीन करोड़ परिवारों से संपर्क साधा जाएगा। साथ ही एक हजार से अधिक रैलियां और 250 से अधिक प्रेस कॉन्फ्रेंस होंगे।

यह अभियान अगले दस दिनों तक चलता रहेगा। बीजेपी के मुताबिक इस अभियान के जरिये नागरिकता संशोधन कानून के बारे में लोगों की भ्रांतियों को दूर किया जाएगा। बीजेपी महासचिव भूपेंद्र यादव के मुताबिक विपक्ष के प्रचार का खंडन होगा। बता दें कि यह फैसला कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में बुलाई बैठक में हुआ। इस दौरान बीजेपी ने कांग्रेस पर गलत प्रचार करने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह ने भी शरणार्थियों को नागरिकता देने की वकालत की थी। बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा कल इंदौर में लोगों से मिलेंगे और नागरिकता संशोधन कानून पर बीजेपी के अभियान की शुरुआत करेंगे। वहां लोगों को इस कानून के बारे में बताया जाएगा। बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जारी हिंसक प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश में 15 लोग मारे गए हैं। आज रामपुर में हिंसा पथराव और आगजनी हुई है। यूपी के IG लॉ एंड ऑर्डर प्रवीण कुमार ने बताया कि रामपुर में एक शख्स की मौत हुई है। प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़ गये और जमकर पथराव हुआ।












Click it and Unblock the Notifications