CAA को लेकर आज से जागरूकता अभियान चलाएगी भाजपा, अमित शाह करेंगे शुरुआत
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ देशभर में विपक्ष प्रदर्शन कर रहा है, लेकिन विपक्ष के प्रदर्शन के बीच आज से भारतीय जनता पार्टी नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में अभियान शुरू करने जा रही है । भाजपा इस कानून को के समर्थन में पांच चरणों में अभियान चलाने जा रही है। यह अभियान आज से शुरू होगा, जिसके तहत भाजपा कार्यकर्ता लोगों के घर-घर जाकर उन्हें नागरिकता संशोधन कानून को लेकर फैलाई जा रही अफवाह से जागरूक करेंगे और इस कानून के बारे में जानकारी देंगे।

अमित शाह दिल्ली से करेंगे अभियान की शुरुआत
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अनिल जैन को इस अभियान की जिम्मेदारी दी गई है। वह छह सदस्यीय कमेटी की अध्यक्षता करेंगे जोकि लोगों के घर घर जाकर इस अभियान को चलाएगी। अनिल जैन ने बताया कि यह अभियान संवाद समिति, विशेष सामाजिक संपर्क अभियान, सोशल मीडिया और मीडिया के माध्यम से चलाया जाएगा। भाजपा अध्यक्ष और देश के गृहमंत्री अमित शाह इस अभियान की शुरुआत आज दिल्ली में करेंगे जबकि गाजियाबाद से इस अभियान की शुरुआत भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे।
लखनऊ से राजनाथ सिंह करेंगे शुरुआत
लखनऊ मे इस अभियान की शुरुआत प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नागपुर से इस अभियान की शुरुआत करेंगे। जैन ने कहा कि पार्टी इस दौरान लोगों को एक पुस्तिका भी देगी जिसमे नागरिकता संशोधन कानून को लेकर स्पष्ट जानकारी होगी। दूसरे चरण में लोगों से संवाद स्थापित किया जाएगा। इसके लिए रैली, बुद्धिजीवियों की कॉन्फ्रेंस हर शहर में की जाएगी। साथ ही एक लाख बैठकें देश के अलग-अलग हिस्सों में की जाएगी। इस अभियान को राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह चलाएंगे।
हर वर्ग के लोगों से जुड़ने की कोशिश
इसके अलावा समाज के हर वर्ग से जुड़कर लोगों को नागरिकता संशोधन कानून के बारे में जागरूक किया जाए। पार्टी के महासचिव भूपेंद्र सिंह यादव समाज के अलग अलग क्षेत्र के लोगों से मुलाकात करेंगे। वह कला, संस्कृति, खेल के क्षेत्र से जुड़े लोगों से संपर्क स्थापित करेंगे और उन्हें नागरिकता संशोधन कानून के बारे में जानकारी देंगे। वहीं सोशल मीडिया के जरिए पार्टी के आईटी सेल के हेड अमित मालवीय तमाम प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, वह देश के अलग-अलग हिस्सों में 250 प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और तमाम पत्रकारों और स्तंभकारों से मुलाकात करके जागरूक करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications