आम बजट के बाद भाजपा संसदीय दल की बैठक, पीएम मोदी भी पहुंचे
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी संसदीय दल की दिल्ली में गुरुवार शाम को बैठक हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री अरुण जेटली समेत पार्टी के सभी बड़े नेता मीटिंग में मौजूद रहे। बैठक गुरुवार शाम साढ़े पांच बजे बुलाई गई थी। आम बजट और राजस्थान उपचुनाव के नतीजों के बाद ये बैठक हुई है। बैठक में पार्टी के सभी सांसदों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि बैठक में इस बात को लेकर चर्चा हुई कि आम बजट में जनता के लिए क्या है, इसे किस तरह से सांसद अपने अपने संसदीय क्षेत्रों में बताएं।

वित्त मंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार को 2018-19 का बजट पेश किया है। 2019 के आम चुनावों से पहले ये मोदी सरकार का आखिरी पूर्ण बजट है। बजट को लेकर जहां विपक्ष सरकार की आलोचना कर रहा है, वहीं सरकार बजट को शानदार कहते हुए अपनी पीठ थपथपा रही है। वहीं राजस्थान में दो लोकसभा और एक विधानसभा की सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी गुरुवार को आ गए हैं। तीनों की सीटें भाजपा से कांग्रेस ने छीन ली हैं। उपचुनाव की हार पर भी इस बैठक में चर्चा होने की बात कही जा रही है। आपको बता दें कि दिल्ली में ही विपक्षी दल की भी गुरुवार शाम को बैठक हुई है, इसमें 18 पार्टियों के नेता शामिल हुए। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह भी इस बैठक में मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications