बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर बोलीं- कांग्रेस ने दिल्ली में करायी हिंसा
भोपाल। अक्सर अपने बयानों के कारण विवाद में रहने वाले भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर गुरुवार दिल्ली में हुई हिंसा के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि, यह सब कांग्रेस का किया कराया है। वहीं अपनी पार्टी की तारीफ करते हुए कहा प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि, पूरा देश जानता है कि बीजेपी मुल्क की भलाई के लिए काम करती है। इस बार संसद सत्र में जो भी फैसले लिए गए, वे देशहित में हैं और देश को इससे मजबूती मिलेगी। एक ही पार्टी है जो देश भक्त हैं।
दिल्ली में हाल ही में हुई हिंसा को लेकर बीजेपी सांसद ने कहा, बांटने वाली ताकतें देश में अस्थिरता पैदा करना चाहती हैं और देश के कर्णधार गृहमंत्री को पता है कि इससे कैसे निपटना है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा गृह मंत्री अमित शाह का इस्तीफा मांग पर बोलते हुए ठाकुर ने कहा कि, यह सब उन्हीं (कांग्रेस) का किया कराया है, इसलिए वे ही लोग इस्तीफा मांग रहे हैं। उनकी नैतिकता के बारे में 1984 सिख विरोधी दंगे और इमरजेंसी के दौरान पता चल गया था।
राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) के एक सवाल पर प्रज्ञा ठाकुर ने कहा, अभी बच्चा पैदा भी नहीं हुआ और लड़का है लड़की, अभी से इसकी घोषणा कर दी गई है। यहां तक लोगों ने उसका नाम भी रख दिया। वहीं दिल्ली पुलिस पर हमले के बारे में साध्वी प्रज्ञा ने कहा, यह मामला काफी आगे तक पहुंच गया है। इसे फौरन रोका जाना चाहिए। जब भी ऐसे अराजक तत्व सामने आएं, उन्हें फौरन हटाया जाना चाहिए।
बता दें कि दिल्ली में सोमवार को हुए हिंसक घटना में अब तक एक हेड कॉन्स्टेबल समेत 30 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 100 से अधिक लोग घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए जीटीबी और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उपद्रव की चपेट में सबसे ज्यादा नॉर्थ ईस्ट जिले के चार थाना इलाके हैं। दिल्ली पुलिस ने जिले के दस थाना इलाकों में धारा 144 लगा दी है।