एक्सप्रेस-वे पर रॉन्ग साइड में दौड़ी भाजपा सांसद महेश शर्मा की कार, दी ये सफाई
नई दिल्ली। गौतमबुद्धनगर से भारतीय जनता पार्टी के सांसद की कार को एक्सप्रेस-वे पर रॉन्ग साइड में चलाए जाने का मामला सामने आया है। गुरुवार को सांसद की कार को गलत साइड में चलाए जाने के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। गुरुवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का काफिला आगरा जाते हुए यमुना एक्सप्रेस वे से गुजरा था। इसी दौरान महेश शर्मा की कार के रॉन्ग साइड में चलाए जाने का दावा किया गया है।
दरअसल गुरुवार को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आगरा जा रहे थे। उनके स्वागत समारोह के लिए भाजपा के लोग ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर जुटे थे। यहीं महेश शर्मा भी यहां पहुंचे थे। बताया गया है कि वापसी के दौरान रॉन्ग साइड में कार को लाया गया। महेश शर्मा के भी सफेद रंग की इस लैंड क्रूजर कार में बैठे थे। कार उनकी पत्नी की कंपनी के नाम पर है।
महेश शर्मा के प्रतिनिधि संजय बाली ने कार के गलत साइड में चलाए जाने की बात को बेबुनियाद कहा है। बाली ने कहा कि उनके काफिले का एक भी वाहन गलत दिशा में नहीं चला और ना ही किसी नियम को तोड़ा गया।
बता दें कि जेपी नड्डा के स्वागत समारोह में किए गए इस कार्यक्रम में एक महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ छेड़छाड़ का भी मामला सामने आया था। स्वागत समारोह के दौरान महिला पुलिसकर्मी से कथित तौर पर अश्लील हरकत की गई। आरोपी भाजपा का कार्यकर्ता है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोपी कार्यकर्ता की गिरफ्तारी पर हंगामा भी किया।
जेपी नड्डा के स्वागत समारोह में भाजपा कार्यकर्ता ने महिला पुलिसकर्मी से की अश्लील हरकत, गिरफ्तार