'गलत पार्टी' वाले बयान पर बीजेपी सांसद का पलटवार, कहा- राहुल में मुझे अपनी पार्टी में लेने की हैसियत नहीं
नई दिल्ली, 2 फरवरी: राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बुधवार को लोकसभा में चर्चा हुई। जिसमें कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को भी बोलने को मौका मिला। इस दौरान राहुल काफी ज्यादा एग्रेसिव नजर आए और सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बेरोजगारी, पेगासस समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार से तीखे सवाल किए। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने बीजेपी सांसद कमलेश पासवान को गलत पार्टी में बताया, जिस पर उन्होंने भी पलटवार किया है।

लोकसभा में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि न्यायपालिका, चुनाव आयोग, पेगासस राज्यों के संघ की आवाज को नष्ट करने के उपकरण हैं। ये हमला आप (मोदी सरकार) संस्था के ढांचे पर कर रहे हैं, आपको इसका जवाब मिलेगा। उन्होंने कहा कि मेरी दादी (पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी) को 32 बार गोली मारी गई थी। मेरे पिता (पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी) के टुकड़े-टुकड़े हो गए थे। मुझे पता है कि ये क्या है। आप किसी खतरनाक चीज के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
राहुल ने अपने पहले के वक्ता बीजेपी सांसद कमलेश पासवान की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पासवान गलत पार्टी में हैं। उन्होंने मुझसे व्यक्तिगत रूप से बात की है। इस पर पलटवार करते हुए कमलेश पासवान ने कहा कि बीजेपी ने मुझे तीन बार सांसद बनाया है। उन्हें अपने साथ लेने की कांग्रेस और राहुल गांधी की हैसियत नहीं है। पासवान ने आगे कहा कि मेरे पिता की भी हत्या कर दी गई थी, जिस वजह से मैं राहुल गांधी का दर्द समझता हूं।
आपको बता दें कि कमलेश पासवान के पिता ओम प्रकाश पासवान उत्तर प्रदेश के दिग्गज नेता थे। 1996 में एक जनसभा को संबोधित करते वक्त उनकी हत्या कर दी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications