VIDEO: कैलाश विजयवर्गीय के विधायक बेटे की गुंडागर्दी, सरेआम क्रिकेट बैट से अफसर को पीटा
इंदौर। भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बेटे और इंदौर-3 से विधायक आकाश विजयवर्गीय का मारपीट करते हुए एक वीडियो सामने आया है। आकाश विजयवर्गीय ने नगर निगम के एक अधिकारी को ना सिर्फ धमकी दी बल्कि सरेआम कैमरों के सामने क्रिकेट के बैट से पिटाई भी की। इतना ही नहीं आकाश विजयवर्गीय ने पोकलेन मशीन पर पथराव कर उसे फोड़ दिया। दरअसल नगर निगम की टीम गंजी कंपाउंड क्षेत्र में एक जर्जर मकान को तोड़ने के लिए पहुंची थी।

बैट से अधिकारी को पीटा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार को इंदौर नगर निगम की टीम शहर में चिन्हित किए गए 26 अति खतरनाक मकानों में से एक गंजी कंपाउंड इलाके में मकान तोड़ने पहुंची थी। निगम की टीम को देखकर वहां रहने वाले लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया और स्थानीय विधायक आकाश को सूचना देकर मौके पर बुला लिया। इस बीच मौके पर पहुंचे विधायक आकाश औऱ निगम के अधिकारियों के बीच बहस शुरू हो गई। विधायक के आते ही कार्यकर्ताओं ने जेसीबी की चाबी निकाल ली।

जर्जर मकान तोड़ने पहुंची थी निगम की टीम
विधायक ने निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को धमकी भरे लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि, 10 मिनट में यहां से निकल जाना वर्ना जो होगा उसकी जिम्मेदारी आप लोगों की होगी। निगम कर्मचारियों ने विधायक को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान जमकर तू-तू मैं-मैं हुई और विवाद बढ़ गया। इसी बीच विधायक अपना आपा खो बैठे और क्रिकेट बैट से निगम कर्मचारियों को पीटना शुरू कर दिया। कैमरे के सामने विधायक ने अधिकारी को कई बार बैट से मारा।
नगर निगम के कर्मचारियों ने बंद किया काम
इस दौरान वहां पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह विधायक के कहर से नगर निगम के कर्मचारियों को बचाया। इस मारपीट के बाद अब हंगामा काफी बढ़ गया है। घटना की सूचना जैसे ही नगर निगम दफ्तर में लगी, सभी कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया। इसके बाद विधायक आकाश और भाजपा कार्यकर्ता वहां से एमजी रोड थाने पर पहुंच गए।












Click it and Unblock the Notifications