मोदी के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं बीजेपी के बाकी नेता
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला)। लोकसभा चुनावों के प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना स्टाइल स्टेटमेंट काफी बदल लिया था। उन्होंने सिर्फ कुर्ता पायजामा के साथ नेहरु जैकेट को अपने आउटफिट्स में जब शामिल किया तो उनकी स्टाइल युवाओं में खासी लोकप्रिय होने लगी।

मोदी का स्टाइल इतना लोकप्रिय हो गया कि लोगों ने नेहरु जैकेट को मोदी जैकेट कहना शुरू कर दिया था। अब बीजेपी के बाकी नेता भी नरेंद्र मोदी के उसी स्टाइल को फॉलो कर रहे हैं या यों कहें कि मोदी के रंग में ही नजर आने लगे हैं।
भाजपा के नेताओं में आजकल नेहरु जैकेट पहनने की होड़ सी मची हुई है। खासतौर पर भाजपा के प्रवक्ता तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अनुसरण करते हुए उनके जैसी जैकेट पहनने लगे हैं।
शायद ही कभी होता हो कि भाजपा के प्रवक्ताओं ने प्रेस से अपनी नियमित संवाद के दौरान जैकेट न पहनी हो।
संबित पात्रा से नलिन कोहली तक
भाजपा के तेज-तर्रार नेता संबित पात्रा तो हमेशा नेहरु जैकेट में होते हैं। पात्रा,जो डेंटिस्ट भी हैं, ने अपने कुछ करीबियों को बताया है कि उनके पास करीब एक दर्जन नेहरु जैकेट हैं। उनका वो भरपूर उपयोग कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता नलिन कोहली भी अब टीवी पर नेहरु जैकेट को पहनकर ही दिखते हैं।
जानकारों ने बताया कि हाल ही में विधि मंत्री रवि शंकर प्रसाद भाजपा मुख्यालय पहुंचे तो उन्हें यह देखकर बहुत हैरानी हुई कि हाल ही में नियुक्त किए गए प्रवक्ता अनिल बलूनी ने नेहरु जैकेट नहीं पहनी हुई थी। उन्होंने बलूनी से पूछा कि आखिर उन्होंने क्यों नहीं पहनी नेहरु जैकेट।
नेहरु से परहेज लेकिन नेहरु जैकेट से लगाव
रवि शंकर प्रसाद भी हर वक्त नेहरु जैकेट में होते हैं। उनके अलावा गृह मंत्री राजनाथ सिंह, ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल, वरिष्ठ पार्टी नेता मुख्तार अब्बास नकवी भी हर जगह नेहरु जैकेट पहने हुए ही दिखते हैं।
भाजपा को लंबे समय से कवर कर रहे एक पत्रकार ने बताया कि यह भी अजीब संयोग है कि जो पार्टी नेहरु की नीतियों की निंदा करती रही है,उसके नेताओं को उसी नेहरु की जैकेट पहनना पसंद है।












Click it and Unblock the Notifications