VIDEO: BJP नेता माधवी लता ने एयरपोर्ट पर क्या किया जो मच गया बवाल! एयरपोर्ट अथॉरिटी से कार्रवाई की मांग
Madhavi Latha Airport Prayer Room Video: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की फायरब्रांड नेता कोम्पेला माधवी (Kompella Madhavi) लता एक बार फिर बड़े विवादों में घिर गई हैं। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी को कड़ी टक्कर देने वाली माधवी लता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रहा है।
यह वीडियो नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट के प्रार्थना कक्ष (Prayer Room) का है, जिसे खुद माधवी लता ने रिकॉर्ड कर शेयर किया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद अब एयरपोर्ट अथॉरिटी से उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

प्रार्थना कक्ष में 'दुर्गा सूक्तम' का पाठ और रिकॉर्डिंग
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि माधवी लता एयरपोर्ट के प्रेयर रूम के भीतर बैठकर 'दुर्गा सूक्तम' का पाठ कर रही हैं। जिस वक्त वह मंत्रोच्चार कर रही थीं, उसी फ्रेम में बुर्का पहने कुछ अन्य महिलाएं भी वहां मौजूद दिखाई दे रही हैं। हालांकि वीडियो में माधवी लता और वहां मौजूद अन्य लोगों के बीच कोई सीधा संवाद या टकराव नहीं दिखता, लेकिन शांत क्षेत्र (Silent Zone) में ऊंची आवाज में पाठ करने और वीडियो ग्राफी करने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
प्रार्थना कक्ष को पुण्य क्षेत्र की तरह समझें
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच दिल्ली एयरपोर्ट के प्रार्थना कक्ष में उन्हें सुकून के कुछ पल मिले, जहां उन्होंने 'लोक कल्याण' की भावना से 'दुर्गा सूक्तम' का पाठ किया। माधवी लता ने इन स्थानों की पवित्रता (शुद्धि) पर जोर देते हुए कहा कि ये स्थान साधकों और शांत आत्माओं के लिए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हमारा महान राष्ट्र भारत, इन प्रार्थना कक्षों को हमारी प्राचीन पूजा पद्धतियों के प्रमाण के रूप में प्रदान करता है। माधवी लता ने अपील की कि हमें इन प्रार्थना कक्षों के हर इंच को 'पुण्य क्षेत्र' की तरह मानना चाहिए ताकि ये गहरे आध्यात्मिक जुड़ाव और शांति के क्षेत्र बने रहें।
नियमों के उल्लंघन का आरोप: एयरपोर्ट अथॉरिटी से शिकायत
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, इस वीडियो पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। विरोधियों का तर्क है कि एयरपोर्ट के प्रार्थना कक्ष केवल 'मौन ध्यान और व्यक्तिगत प्रार्थना' के लिए होते हैं। वहां शोर करना या कैमरा लेकर वीडियो बनाना नियमों के खिलाफ है।
इस मामले में कांग्रेस के डिजिटल प्लेटफॉर्म के राष्ट्रीय समन्वयक मोहम्मद वसीम ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) को टैग करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रार्थना कक्ष दूसरों को असहज करने के लिए नहीं है और यहां नियमों की धज्जियां उड़ाई गई हैं। वर्तमान में टीडीपी सांसद किंजरापु राम मोहन नायडू केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हैं, जिनसे इस मामले में दखल देने की अपील की गई है।
पहले भी रही हैं चर्चा में
यह पहली बार नहीं है जब माधवी लता अपने किसी कदम के कारण विवादों में हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान रामनवमी की एक रैली में मस्जिद की ओर 'तीर चलाने' के इशारे वाले वीडियो ने भी काफी तूल पकड़ा था। हालांकि, उन्होंने बाद में स्पष्ट किया था कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।












Click it and Unblock the Notifications