उदयनिधि स्टालिन ने दी दीपावली की शुभकामना, तो बीजेपी ने इस तरह से लिया श्रेय
भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन ने तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन की ओर से हाल ही में दी गई दीपावली की शुभकामनाओं को अपनी पार्टी के प्रभाव का नतीजा बताया है। उदयनिधि के इस कदम को द्रविड़ पार्टी के सामान्य रुख से एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। ऐतिहासिक रूप से, दिवंगत एम करुणानिधि समेत डीएमके नेता अपनी तर्कवादी विचारधारा के कारण इस तरह की शुभकामनाओं से बचते रहे हैं।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री मुरुगन ने कहा कि उदयनिधि का कदम भाजपा के लगातार प्रयासों का नतीजा है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, 'वे चुप रहे और लोगों को (दीपावली पर) बधाई देने से परहेज किया और अब जब हमने बार-बार इस मामले को उजागर किया है, तो उन्होंने ऐसा किया है।'

उन्होंने इस मुद्दे पर ध्यान आकर्षित करने के लिए खुद को, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई, महिला मोर्चा प्रमुख वनथी श्रीनिवासन और पूर्व तमिलनाडु प्रमुख पोन राधाकृष्णन को श्रेय दिया। मुरुगन के अनुसार, उनके लगातार इस मुद्दे को उजागर करने के कारण उदयनिधि ने दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं।
मुरुगन ने उदयनिधि को अपने त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए सवाल किया कि एमके स्टालिन बहुसंख्यकों की ओर से मनाए जाने वाले त्योहारों पर लोगों को बधाई देने में क्यों हिचकिचाते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एक मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधि के रूप में स्टालिन की ओर से सभी समुदायों की प्रशंसा और सम्मान किया जाना चाहिए और उन्हें सभी त्योहारों को स्वीकार करना चाहिए।
बता दें कि उदयनिधि के सनातन धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद से वह भाजपा के निशाने पर रहे हैं। लेकिन, अब जब उनकी पार्टी का इसके प्रति स्टैंड बदलता नजर आ रहा है तो भाजपा को लगता है कि यह उसी के दबाव का नतीजा है। तमिलनाडु में बीजेपी द्रविड़ पार्टियों के विकल्प के तौर पर उभरने की लगातार कोशिशें कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications