पूर्वोत्तर में शानदार जीत, कल देश भर में 'विजय उत्सव' मनाएगी BJP
नई दिल्ली। पूर्वोत्तर राज्यों में शानदार प्रदर्शन को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने कल देश भर में विजय उत्सव मनाने का फैसला लिया है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट कर बताया, 'आज उत्तर-पूर्व में भाजपा के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर भाजपा कार्यकर्ता कल सुबह 11 बजे देश-भर में "विजय उत्सव"मनाएंगे।'

यूपी में जीत का जश्न
त्रिपुरा में भाजपा की जीत पर लखनऊ में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर महेन्द्र नाथ पाण्डेय, प्रदेश महामंत्री सुनील बंसल, प्रदेश सरकार के मंत्री बृजेश पाठक, प्रदेश उपाध्यक्ष सुधीर हलवासिया, अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुरेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि वामपंथियों के किले को ध्वस्त कर भारतीय जनता पार्टी ने त्रिपुरा में दो तिहाई से अधिक सीटों पर अपनी विजय पताका फहराई है तथा नागालैण्ड में भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन ने बड़ी विजय हासिल की है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक विजय के लिए वहां की सम्मानित जनता को हम हृदय से बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि बधाई हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व को है तथा सबके साथ सबके विकास के संकल्प तथा सुशासन व विकास के नीतियों की जीत है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारे लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा त्रिपुरा में की गई जनसभाओं को भी इस सफलता का बड़ा श्रेय जाता है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस विजय उल्लास को पूरे प्रदेश में पार्टी कल सुबह 11 बजे से 1 बजे तक प्रत्येक क्षेत्र, जिला, महानगर मुख्यालयों तथा सभी मंडल इकाइयों पर विजय उल्लास दिवस के रूप में मनाएगी।












Click it and Unblock the Notifications