बीजेपी ने अनुराग ठाकुर को लोकसभा में मुख्य सचेतक नियुक्त किया
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर को लोकसभा में पार्टी का मुख्य सचेतक नियुक्त किया है। अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद हैं। वो मुख्य सचेतक के पद पर राकेश सिंह का स्थान लेंगे जिन्हें हाल ही में मध्य प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मध्य प्रदेश में इसी साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं ऐसे में राकेश सिंह चुनावी रणनीति बनाने को लेकर काफी व्यस्त हैं। इसी के चलते पार्टी ने ये फैसला लिया है।
अनुराग ठाकुर को मुख्य सचेतक बनाए जाने की जानकारी बीजेपी की ओर से दी गई है। अनुराग ठाकुर पहले भी कई बड़ी जिम्मेदारियों को संभाल चुके हैं। ठाकुर बीजेपी यूथ विंग के अध्यक्ष रह चुके हैं। लोकसभा सांसद के तौर पर उन्होंने अलग-अलग मुद्दों को सदन में उठाया। उनके कार्यों को देखते हुए पार्टी ने उन्हें अहम जिम्मेदारी दी है।
दरअसल बुधवार से संसद का मॉनसून सत्र शुरू होने जा रहा है। इसको लेकर मंगलवार को बीजेपी संसदीय कार्यकारिणी की बैठक हुई। इसमें पार्टी ने मॉनसून सत्र को लेकर रणनीति पर चर्चा की। इस बैठक के बाद ही पार्टी ने मुख्य सचेतक के तौर पर अनुराग ठाकुर के नाम का ऐलान किया।
इसे भी पढ़ें:- ये शर्त रखकर बसपा प्रमुख मायावती ने कांग्रेस को डाला मुश्किल में