भाजपा ने बिहार और राजस्थान में नए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए, 6 राज्यों के नए प्रभारी नियुक्त
भाजपा ने राजस्थान और बिहार में नए अध्यक्ष नियुक्त कर दिए हैं। पार्टी ने मदन राठौड़ को राजस्थान का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। जबकि दिलीप जायसवाल को बिहार बीजेपी का अध्यक्ष बनाया गया है।
राजस्थान में सीपी जोशी की जगह मदन राठौड़ को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। मदन राठौड़ अभी राज्यसभा सांसद भी हैं। मदन राठौड़ ओबीसी वर्ग से आते हैं। बीजेपी महासचिव संगठन अरुण सिंह ने जारी नियुक्ति पत्र में कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सांसद मदन राठौड़ को राजस्थान प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

आपको बता दें कि मदन राठौड़ राज्यसभा सांसद हैं। वह सुमेरपुर से विधायक भी रह चुके हैं। मदन राठौड़ 2014 से 18 तक राजस्थान विधानसभा में बीजेपी के उप मुख्य सचेतक थे। मदन राठौड़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी माने जाते हैं।
उधर बिहार में दिलीप जायसवाल को सम्राट चौधरी की जगह प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। जयसवाल अभी बिहार सरकार में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री है। वह 2009 से लगातार विधान परिषद के सदस्य हैं। यह उनका तीसरा कार्यकाल है। दिलीप जायसवाल वैश्य समुदाय से आते हैं। उनकी सीमांचल के इलाके में बड़ी पकड़ मानी जाती है। वह लंबे अरसे से बिहार बीजेपी के कोषाध्यक्ष हैं।
इसके साथ ही भाजपा ने छह राज्यों में प्रभारी भी नियुक्त किए हैं। भाजपा ने हरीश द्विवेदी को असम, सांसद अतुल गर्ग को चंडीगढ़, अरविंद मेनन को लक्षद्वीप और तमिलनाडु, राधा मोहन दास अग्रवाल को राजस्थान और डॉ. राजदीप रॉय को त्रिपुरा प्रभारी नियुक्त किया है।












Click it and Unblock the Notifications