जगदीप धनखड़ होंगे NDA के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार, जेपी नड्डा ने किया ऐलान
नई दिल्ली, 16 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को NDA के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बताया कि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ देश के अगले उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए के उम्मीदवार होंगे। बीजेपी की संसदीय दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी।

देश के उपराष्ट्रपति पद के लिए 6 अगस्त को चुनाव होना है। निर्वाचन आयोग ने 29 जून को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया था कि उपराष्ट्रपति पद के लिए 19 जुलाई तक नामांकन किया जा सकेगा।
देश के वर्तमान उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त 2022 को समाप्त हो रहा है। संविधान के अनुच्छेद 68 में वर्णित व्यवस्था के अनुसार निवर्तमान उपराष्ट्रपति के कार्यकाल की समाप्ति के पहले अगले उपराष्ट्रपति का चुनाव हो जाना आवश्यक है।
उपराष्ट्रपति को चुनने के लिए संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य मतदान करते हैं। बता दें देश के उपराष्ट्रपति राज्यसभा के सभापति भी होते हैं।
दौड़ में थे ये नाम
राष्ट्रपति चुनाव में एकतरफा माहौल तैयार कर देने वाली भाजपा के लिए उपराष्ट्रपति चुनाव में भी अपने उम्मीदवार को जीत दिलाना अब आसान माना जा रहा है। भाजपा की तरफ से जिन उम्मीदवारों के नाम की चर्चा थी उनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का नाम आगे माना जा रहा था। मुख्तार अब्बास नकवी के हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के बाद इसकी संभावना ज्यादा हो गई थी। हालांकि जगदीप धनखड़ ने सबको पीछे छोड़ते हुए बाजी मार ली थी।
नकवी के अलावा जिन नेताओं का नाम उपराष्ट्रपति पद के लिए चर्चा में थे उनमें पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान शामिल था।











Click it and Unblock the Notifications