पश्चिम बंगाल के हिंदू नहीं मानेंगे ममता सरकार का फैसला: RSS
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक अक्टूबर को दुर्गा मूर्ति विसर्जन पर रोक लगा दी है, जिसको लेकर बीजेपी और आरएसएस ने जोरदार हमला बोला है। दरअसल उस दिन मोहर्रम और दुर्गा मूर्ति विसर्जन एक ही दिन पड़ रहा है इसलिए पश्चिम बंगाल के सीएम ने यह फैसला लिया है।

पश्चिम बंगाल के बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष ने ममता बनर्जी की आलोचना करते हुए उन पर मुस्लिम तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया है। घोष ने कहा, 'हिंदुओं को अपना सबसे बड़ा त्योहार मनाने की अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है? पिछले कुछ सालों से, लगातार ऐसा ही हो रहा है। यह निर्णय पूरी तरह से बेबुनियाद और असंवैधानिक है। राज्य के मुस्लिम समुदाय को खुश करने के लिए इस प्रकार का फैसला लिया गया है'।
वहीं, पश्चिम बंगाल की आरएसएस यूनिट भी इस निर्णय से खुश नहीं है। संघ ने कहा कि बंगाल के हिंदू, सरकार के इस फैसले का पालन बिल्कुल नहीं करेंगे। आरएसएस के प्रवक्ता जिष्णु बसु ने कहा, 'हर साल ऐसा ही होता रहा है और इस बार राज्य के हिंदू इस निर्णय का पालन नहीं करेंगे। मेरा सवाल है कि हर पूजा समिति को पुलिस से अनुमति लेने की जरूरत है, लेकिन मुहर्रम जुलूस निकालने के लिए कितनी बार पुलिस की अनुमति ली गई? मैं पुलिस को डेटा के साथ आने का अनुरोध करता हूं'।
आपको बता दें कि ममता बनर्जी ने भले ही यह निर्णय लिया है, लेकिन अक्टूबर, 2016 को कलकत्ता हाईकोर्ट की एकल पीठ ने राज्य सरकार के आदेश को खारिज कर कहा था कि ऐसा कोई भी फैसला नहीं लिया जाना चाहिए, जिससे दो समुदाय एक दूसरे के खिलाफ खड़े हो जाएं।












Click it and Unblock the Notifications