पीएम मोदी बोले- पूरी मानव जाति पर संकट है, हमें समपर्ण और सेवा के मंत्र का पालन करना है
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के 40वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज देश ही नहीं, दुनिया के कई बड़े देश कोरोना के संकट से गुजर रहे हैं। पूरी मानव जाति पर संकट है, हमें समपर्ण और सेवा के मंत्र का पालन करना है। चाहे एक दिन का जनता कर्फ्यू हो या फिर लंबे समय का लॉकडाउन, पूरा देश कोरोना के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा है।
Recommended Video

भारत ने अहम भूमिका निभाई है
प्रधानमंत्री ने कहा, तमाम देश एकजुट होकर कोरोना का मुकाबला करें, इसके लिए सार्क देशों की विशेष बैठक हो या G-20 देशों का विशेष सम्मेलन, भारत ने इन सारे आयोजनों में अहम भूमिका निभाई है। हमारे शास्त्रों में कई महत्वपूर्ण बातें कही गईं हैं। हमारे वहां कहा गया है। 'समानो मंत्र: समिति: समानी। समानम् मनः सह चित्तम् एषाम्।' यानि हमारे विचार, हमारे संकल्प और हमारे हृदय एकजुट होने चाहिए।

देशवासियों की सामूहिक शक्ति के दर्शन किए
पीएम ने कहा, कल भी, रात को 9 बजे, हमने 130 करोड़ देशवासियों की सामूहिक शक्ति के दर्शन किए हैं। हर वर्ग, हर आयु के लोग, अमीर गरीब, पढ़ा-लिखा हो, अनपढ़ हो, सभी ने मिलकर, एकजुटता की इस ताकत को नमन किया, कोरोना के खिलाफ लड़ाई का अपना संकल्प और मजबूत किया। आज देश का लक्ष्य एक है, मिशन एक है, और संकल्प एक है- कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में जीत। सेवा हमारे संस्कार में है। कोरोना की इस मुश्किल घड़ी में हमारा दायित्व और भी ज्यादा बढ़ जाता है।

ये लंबी लड़ाई है, न थकना है, न हारना है
उन्होंने आगे कहा, ये लंबी लड़ाई है, न थकना है, न हारना है। लंबी लड़ाई के बाद भी जीतना है। विजयी होकर निकलना है।आज देश का लक्ष्य एक है, मिशन एक है, और संकल्प एक है- कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में जीत। हमारी पार्टी का स्थापना दिवस एक ऐसे कालखंड में आया है, जब देश ही नहीं, पूरी दुनिया, एक मुश्किल वक्त से गुजर रही है। चुनौतियों से भरा ये वातावरण देश की सेवा के लिए, हमारे संस्कार, हमारे समर्पण, हमारी प्रतिबद्धता को लेकर और अधिक शस्त होकर प्रशस्त होने का मार्ग तय करता है।

पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं से ये 'पंच आग्रह' किए-
- पहला आग्रह- गरीबों को राशन के लिए अविरत सेवा अभियान।
- दूसरा आग्रह- अपने साथ ही आप 5-7 अन्य लोगों के लिए फेस-कवर बनवाएं और उनका वितरण करें।
- तीसरा आग्रह- धन्यवाद अभियान के लिए पार्टी ने पांच अलग-अलग वर्ग बनाए हैं। पहला वर्ग- नर्सेस और डॉक्टर्स, दूसरा वर्ग-सफाई कर्मचारी, तीसरा वर्ग-पुलिसकर्मी, चौथा वर्ग- बैंक और पोस्ट ऑफिस के कर्मचारी, पांचवां वर्ग- आवश्यक सेवाओं में जुटे हुए सभी कर्मचारी।
- चौथा आग्रह- कोरोना के खिलाफ लड़ाई में मदद करने के लिए एक 'आरोग्य सेतु ऐप' विकसित किया गया है। ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसकी जानकारी दें और कम से कम 40 लोगों के मोबाइल में ये ऐप इंस्टॉल भी करवाएं।
- पांचवां आग्रह- लाखों लोग PM-CARES फंड में दान कर रहे हैं। इसमें प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता को खुद भी सहयोग करना है और 40 अन्य लोगों से भी PM-CARES फंड में सहयोग करने के लिए प्रेरित करना है।












Click it and Unblock the Notifications