बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना जू के पास पहले तरकारी आउटलेट का किया उद्घाटन, पहले चरण में खुलेंगे 200 केंद्र
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वेजफेड के पहले सब्जी आउटलेट का उद्घाटन पटना चिड़ियाघर गेट 2 के पास किया। इस पहल का उद्देश्य सब्जी उत्पादकों को सीधे बाजारों से जोड़ना, बिचौलियों को कम करना और उपभोक्ताओं को ताज़ा, गुणवत्ता वाले उत्पाद प्रदान करना है। परियोजना के पहले चरण में 200 आउटलेट की योजना है, जिनमें से प्रत्येक की लागत 7.44 लाख रुपये होगी और आकार 15 बाय 10 फीट होगा, जिसमें किसानों के लिए डेटा-संचालित प्रशिक्षण और कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं की योजना है।
पटना, 1 नवंबर 2026: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को पटना जू के गेट नंबर-2 के पास बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी फेडरेशन लिमिटेड (वेजफेड) द्वारा संचालित तरकारी आउटलेट का उद्घाटन किया। यह अपनी तरह का पहला आउटलेट है। इस पहल का उद्देश्य सब्जी उत्पादक किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और उपभोक्ताओं को उचित कीमत पर ताजी एवं गुणवत्तापूर्ण सब्जियां मुहैया कराना है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उपभोक्ताओं को शुद्ध, ताजी एवं गुणवत्तापूर्ण सब्जियां उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वेजफेड का तरकारी आउटलेट इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से सब्जी उत्पादक किसानों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार मिलेगा, वहीं उपभोक्ताओं को भी उचित कीमत पर अच्छी गुणवत्ता वाली सब्जियां उपलब्ध होंगी।
सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने बताया कि इन आउटलेट के माध्यम से सब्जी उत्पादक किसानों और उत्पादक समूहों से सीधे सब्जियों की खरीद की जाएगी। इससे बिचौलियों की भूमिका कम होगी और किसानों को बाजार तथा रोजगार के अवसरों का सीधा लाभ मिल सकेगा।
पहले चरण में बनेंगे 200 तरकारी आउटलेट
सहकारिता मंत्री ने बताया कि योजना के पहले चरण में कुल 200 तरकारी आउटलेट का निर्माण कराया जा रहा है। प्रत्येक आउटलेट की लागत 7.44 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इनका आकार 15×10 वर्ग फीट होगा। पटना नगर निगम क्षेत्र के पार्कों में भी इस तरह के आउटलेट खोले जाने की योजना है। जल्द ही गर्दनीबाग स्थित ऑफिसर्स फ्लैट और शास्त्री नगर स्थित ऑफिसर्स क्वार्टर में भी तरकारी आउटलेट शुरू किए जाएंगे।
'हर थाली में बिहार तरकारी' है योजना का उद्देश्य
मंत्री ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य 'हर थाली में बिहार तरकारी' के लक्ष्य को साकार करना है। इसके लिए पंचायत और प्रखंड स्तर पर जरूरी आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जा रहा है। साथ ही सब्जी संग्रहण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं और प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सब्जी हाटों में कोल्ड स्टोरेज की सुविधा विकसित करने पर भी काम किया जा रहा है, ताकि सब्जियों की गुणवत्ता बनी रहे और उनकी बर्बादी को रोका जा सके।
किसानों को आधुनिक उत्पादन और विपणन का प्रशिक्षण
वेजफेड से जुड़ी सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों के किसान सदस्यों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके माध्यम से किसानों को आधुनिक तकनीक, बेहतर उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
वेजफेड की इस पहल से किसानों को संगठित बाजार उपलब्ध कराने, बिचौलियों की भूमिका कम करने और उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही आम उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर ताजी एवं गुणवत्तापूर्ण सब्जियां उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह, निबंधक (सहयोग समितियां) रजनीश कुमार सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य बातें
* मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना जू के गेट नंबर-2 के पास वेजफेड के पहले तरकारी आउटलेट का उद्घाटन किया।
* योजना के पहले चरण में कुल 200 तरकारी आउटलेट बनाए जा रहे हैं।
* प्रत्येक आउटलेट की लागत 7.44 लाख रुपये और आकार 15×10 वर्ग फीट निर्धारित है।
* किसानों और उत्पादक समूहों से सीधे सब्जियों की खरीद की जाएगी।
* पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर सब्जी संग्रहण केंद्र और सब्जी हाटों में कोल्ड स्टोरेज विकसित किए जा रहे हैं।
* योजना का उद्देश्य 'हर थाली में बिहार तरकारी' को साकार करना और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है।
Article Date: 1 नवंबर 2026
Article Title: बिहार में वेजफेड के पहले तरकारी आउटलेट का उद्घाटन, पहले चरण में खुलेंगे 200 केंद्र


Click it and Unblock the Notifications
