बिहार के 73 लाख किसानों के खाते में पहुंचे ₹1,476 करोड़, CM सम्राट चौधरी ने जताया PM मोदी का आभार

7.3 मिलियन से ज़्यादा बिहार के किसान परिवारों को पीएम किसान निधि की 24वीं किश्त के तौर पर कुल 1,476 करोड़ रुपये बांटे गए, जबकि देश भर में 18,690 करोड़ रुपये से ज़्यादा का हस्तांतरण हुआ। बिहार के सीएम ने सूखा- और बाढ़-संबंधी मुआवज़े, इनपुट्स पर सब्सिडी, और खेती को एमएसपी और बाज़ारों से जोड़ने की नीतियों सहित उपायों पर प्रकाश डाला, साथ ही सिंचाई और सौर-ऊर्जा संचालित सिंचाई को बढ़ावा दिया।

पटना, 30 अक्टूबर 2026: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत बिहार के 73 लाख से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में 1,476 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा में आयोजित प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम के दौरान देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की।

PM Kisan Nidhi 24th installment to Bihar farmers

इस कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर स्थित ज्ञान भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने किसान सम्मान निधि की राशि जारी करने के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया और किसानों को बधाई दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता मिल रही है। इस योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना तीन किस्तों में कुल 6,000 रुपये दिए जाते हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में बाढ़ प्रभावित किसानों को प्रति किसान 7,000 रुपये की सहायता दी गई है। वहीं, कृषि इनपुट सब्सिडी के तहत अब तक 270 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है।

उन्होंने अधिकारियों को पिछले दो दिनों में हुई बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने, प्रभावित किसानों की पहचान करने और उन्हें मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

टाल और दियारा क्षेत्रों के लिए गाद प्रबंधन नीति

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में पहली बार टाल और दियारा क्षेत्रों में खेती को व्यवस्थित करने के लिए गाद प्रबंधन नीति तैयार की गई है। नेपाल की तराई से आने वाले पानी के साथ बड़ी मात्रा में गाद आने के कारण किसानों को खेती में परेशानी होती है।

इस समस्या के समाधान के लिए गाद हटाने की व्यवस्था शुरू की जा रही है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और आपदा प्रबंधन विभाग को बालू एवं गाद के कारण किसानों को होने वाली समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

कृषि को बाजार और MSP से जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की 76 प्रतिशत से अधिक आबादी की आजीविका कृषि पर निर्भर है। ऐसे में किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और उनकी उपज को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि गन्ना उद्योग को बढ़ावा देने और एथेनॉल उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए भी काम किया जा रहा है। गन्ने के अलावा अनाज के छोटे-छोटे टुकड़ों से भी एथेनॉल उत्पादन की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है, ताकि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कृषि में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि बिहार में प्रत्येक पंचायत में मौसम की स्थिति के अनुसार किसानों को खेती संबंधी परामर्श दिया जाता है। अब पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर कृषि को बाजार और MSP से जोड़ना जरूरी है।

कृषि फीडरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने की तैयारी

सम्राट चौधरी ने बताया कि किसानों को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। कृषि फीडरों को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कृषि फीडरों के लिए राज्य सरकार को प्रतिवर्ष लगभग 5,500 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी देनी पड़ती है। खेती को लाभकारी बनाने के लिए जैविक खेती, ग्रीन एनर्जी और जल प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

50 लाख महिलाओं को पशु सखी बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में जीविका दीदियों ने 1.36 लाख करोड़ रुपये का बाजार तैयार किया है।

राज्य सरकार ने 50 लाख महिलाओं को पशु सखी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इनमें से अब तक 32 लाख पशु सखियां बनाई जा चुकी हैं। इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ पशुपालन और कृषि आधारित गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

तीन साल में 50 लाख लीटर प्रतिदिन दूध उत्पादन का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में दूध उत्पादन बढ़ाकर किसानों की आय में वृद्धि करने के प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य में दूध का उत्पादन 25 लाख लीटर प्रतिदिन से बढ़कर 32 लाख लीटर प्रतिदिन हो गया है। अगले तीन वर्षों में इसे बढ़ाकर 50 लाख लीटर प्रतिदिन करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने जैविक खेती और ऑर्गेनिक खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री के अनुसार, रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाले दुष्प्रभावों को कम करने के लिए किसानों को जैविक खेती की ओर प्रोत्साहित करना जरूरी है। इससे उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ मिलेंगे और किसानों की आर्थिक स्थिति भी बेहतर होगी।

किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार किसानों को आधुनिक तकनीक, बेहतर बाजार, बिजली, सिंचाई और कृषि आधारित उद्योगों की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों को समय पर आर्थिक सहायता देना भी सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने पर देशभर के किसानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राज्य सरकार प्रत्येक महीने की 10 तारीख को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि लाभार्थियों के खातों में भेजती है, उसी प्रकार किसानों को भी समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है।

कार्यक्रम को कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन, उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+