बिहार से राज्यसभा के लिए सुशील मोदी के नाम का ऐलान चिराग पासवान के लिए क्यों बड़ी 'हार'
बिहार से राज्यसभा के लिए सुशील मोदी के नाम का ऐलान चिराग पासवान के लिए क्यों बड़ी 'हार'
नई दिल्ली। बिहार की एक राज्यसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने सुशील मोदी को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट से एलजेपी संस्थापक और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान सांसद थे, उनके निधन के बाद से ये सीट खाली है। इस सीट पर सुशील मोदी के नाम का ऐलान चिराग पासवान के लिए बड़ा झटका है। एलजेपी के अध्यक्ष चिराग पासवान के लिए ये इसलिए झटका है क्योंकि एक सीट जो उनकी पार्टी के पास थी, वो भाजपा के पास चली जाएगी। जबकि वो लगतार खुद को एनडीए का हिस्सा कह रहे हैं। ऐसी उम्मीद की जा रही थी कि चिराग की माता जी को इस सीट से राज्यसभा भेजा जा सकता है।
Recommended Video
चिराग पासवान से राज्यसभा उपचुनाव में सुशील मोदी की उम्मीदवारी को लेकर शुक्रवार को मीडिया ने सवाल किया गया तो उन्होंने इस पर कुछ भी नहीं कहा और चुपचाप आगे बढ़ गए। दरअसल, चिराग ने बिहार विधानसभा का चुनाव एनडीए से अलग होकर लड़ा था। हालांकि उन्होंने भाजपा के खिलाफ उम्मीदवार ना उतारकर सिर्फ जदयू के खिलाफ कैंडिडेट उतारे। नीतीश कुमार पर वो खासे हमलावर रहे थे। ऐसे में माना जा रहा है कि नीतीश कुमार ने ही बीजेपी को एलजेपी की ओर जाने से अब रोका है। चिराग की पार्टी को विधानसभा चुनाव में उनको सिर्फ एक सीट मिली और अब राज्यसभा की सीट भी चली गई। राज्यसभा सीट के लिए उपचुनाव 14 दिसंबर को करवाए जाएंगे।
पांच साल नहीं चलेगी सरकार: चिराग
चिराग पासवान ने ये भी कहा है कि बिहार में सरकार पांच साल चले ये मुश्किल है और समय से पहले चुनाव हो सकते हैं। मौजूदा सरकार की हालत को देखते हुए चिराग ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को सभी सीटों पर मजबूती से तैयारी रखने का निर्देश दे दिया है। स्थापना दिवस के मौके पर चिराग पासवान ने पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम एक लेटर भी जारी किया है। जिसमें उन्होंने पिता पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को याद करते हुए चिराग ने कहा कि उनका जाना हमारे लिए अपूरणीय क्षति है। इस दौरान उन्होंने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि बिना किसी गठबंधन और स्टार प्रचारकों के हमने विधानसभा की एक सीट पर जीत हासिल की और 24 लाख वोट प्राप्त किए हैं।
ये भी पढ़ें- चिराग पासवान ने कार्यकर्ताओं को दिया आदेश, कहा- 2025 से पहले कभी भी हो सकते हैं चुनाव