बिहार: राज्यपाल का बड़ा बयान- बीएड कॉलेजों में होता है फर्जीवाड़ा, कई नेताओं के हैं कॉलेज
पटना: बिहार में बीएड कॉलेज में होने वाली धांधली को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। ये खुलासा और किसी ने नहीं बल्कि राज्य के राज्यपाल ने ही किया है। बीएड कॉलेजों में हो रही धांधली पर बिहार के राज्यपाल का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा है कि बिहार में बीएड कॉलेज एक बड़ा कारोबार बन चुका है। नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में शायद ही कोई नेता होगा जिसका कोई बीएड कॉलेज न हो और वहां गैरकानूनी तरीके से एडमिशन न होता हो।

ए एन कॉलेज के युवा महोत्सव के महोत्सव में बोलते हुए राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा कि बिहार में सबसे अधिक बीएड कॉलेज नेताओं के हैं। एडमिशन को लेकर उन्होंने कहा कि यहाँ गलत तरीके से एडमिशन होते रहे हैं और इसको रोकने के लिए कॉमन एंट्रेंस एग्जाम कराना होगा। उन्होंने कहा कि ये बात बोलने में उन्हें कोई डर नहीं है क्योंकि छात्रों के हित में जो होगा, वो बोलेंगे। उन्होंने कहा कि इस साल कॉमन एंट्रेंस एग्जाम के जरिये ही दाखिला होगा। कई लोग इसका विरोध कर रहे हैं लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।
राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा कि बिहार आने के बाद आभास हुआ कि यहां के छात्र उर्जावान हैं। राज्यपाल ने दावा किया कि भारत को शिक्षा के क्षेत्र में यदि अगला नोबेल पुरस्कार मिलता है तो वह बिहार के छात्र ही होंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव को लेकर भी काफी आशंकाएं व्यक्त की जा रही थी लेकिन छात्रों ने सभी आशंकाओं को दूर कर दिया। उन्होंने कहा कि पटना यूनिवर्सिटी में होने वाला छात्रसंघ चुनाव सभी के लिए एक मानक है।












Click it and Unblock the Notifications