Bihar News : सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत, परीक्षा शुल्क में भारी छूट का ऐलान
बिहार सरकार ने राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए परीक्षा शुल्क में भारी कटौती की घोषणा की है, जिसमें प्रारंभिक परीक्षा के लिए केवल ₹100 और मुख्य परीक्षा के लिए शुल्क माफ कर दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं के लिए नौकरी के अवसरों को बढ़ाना है।
पटना। बिहार सरकार ने राज्य के युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार के अधिक अवसर देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि अब राज्यस्तरीय प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षाओं के लिए परीक्षा शुल्क में एकरूपता लाते हुए बड़ी छूट दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर बताया, "राज्य के युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करने के लिए तथा उनका भविष्य सुरक्षित करने के लिए हमारी सरकार ने कई ठोस कदम उठाए हैं। अब हमलोगों ने युवाओं के हित में एक निर्णय और लिया है।"
नीतीश कुमार ने बताया कि बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC), बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC), बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC), बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग और केन्द्रीय सिपाही चयन पर्षद जैसी सभी आयोगों द्वारा आयोजित प्रारंभिक (PT) प्रतियोगिता परीक्षाओं के लिए अब अभ्यर्थियों को मात्र ₹100 का शुल्क देना होगा। वहीं, जो अभ्यर्थी PT परीक्षा पास कर मुख्य परीक्षा (Mains) में शामिल होंगे, उन्हें अब कोई परीक्षा शुल्क नहीं देना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के इस फैसले से लाखों युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा, "राज्य में अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार मिले, ये शुरू से ही हमारी प्राथमिकता रही है। राज्य सरकार की इस पहल से युवा और प्रोत्साहित होकर अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकेंगे।"












Click it and Unblock the Notifications