बिहार चुनाव: महागठबंधन ने जारी की 243 सीटों पर संयुक्त प्रत्याशियों की लिस्ट
नई दिल्ली: बिहार में इस महीने के अंत में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने हैं। साथ ही वाल्मीकि नगर लोकसभा सीट पर उपचुनाव का ऐलान हुआ है। पहले चरण के मतदान के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस बीच कांग्रेस ने गुरुवार शाम 49 प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी की। इसके कुछ ही देर बाद RJD ने महागठबंधन की सभी 243 सीटों के लिए प्रत्याशियों की संयुक्त सूची जारी कर दी। इसके अलावा लोकसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने परवेश कुमार मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है।

दरअसल तारीखों के ऐलान के बाद ही महागठबंधन ने सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तैयार कर लिया था। जिसके तहत लालू यादव की पार्टी आरजेडी को 144 सीट, कांग्रेस को 70, भाकपा (माले) को 19, भाकपा को 6 और सीपीएम को 4 सीटें मिली हैं। वहीं मुकेश सहनी की पार्टी महागठबंधन से अलग होकर एनडीए में शामिल हो गई थी। ऐसे में आज आरजेडी ने सभी 243 उम्मीदवारों के नाम का संयुक्त रूप से ऐलान कर दिया।
आपको बता दें कि बिहार में पहले चरण का चुनाव 28 अक्टूबर, दूसरे चरण का 3 नवंबर, जबकि तीसरे चरण का 7 नवंबर को होगा। इसके बाद 10 नवंबर को नतीजे आएंगे। महागठबंधन के साथ ही एनडीए ने भी सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय कर लिया है, जिसके तहत जेडीयू 122 और बीजेपी 121 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं बीजेपी ने अपने कोटे में से 11 सीटें मुकेश सहनी की वीआईपी पार्टी जबकि जेडीयू ने जीतन राम मांझी की पार्टी को 7 सीटें दी हैं।












Click it and Unblock the Notifications