Bihar News: 30 जून तक शत-प्रतिशत सीएमआर चावल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश, खाद्यान्न वितरण में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
बिहार खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग 30 जून 2026 तक 100% सीएमआर चावल की सख्त डिलीवरी का निर्देश देता है, रबी विपणन सत्र के तहत मसूर खरीद की समीक्षा करता है, और पीएमजीकेएवाई और एएवाई लाभार्थियों के लिए मांग अध्ययन की योजना बनाता है।
बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने 30 जून 2026 तक शत-प्रतिशत सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) चावल आपूर्ति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। विभागीय सचिव दीपक आनंद की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था और मसूर अधिप्राप्ति अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में "रबी विपणन मौसम 2026-27" के अंतर्गत मसूर अधिप्राप्ति तथा "खरीफ विपणन मौसम 2025-26" के तहत सीएमआर चावल आपूर्ति की स्थिति पर चर्चा हुई।
बैठक में सचिव दीपक आनंद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाभार्थियों तक समय पर निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीएमआर चावल आपूर्ति की प्रगति की समीक्षा करते हुए निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया तथा हर हाल में 30 जून तक शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
पीएमजीकेएवाई और अंत्योदय योजना की मांग का होगा अध्ययन
बैठक में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) और अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के लाभार्थियों के बीच अरवा और उसना चावल की वास्तविक मांग का अध्ययन कराने का निर्देश भी दिया गया। अधिकारियों को इस संबंध में 30 जून 2026 तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
मसूर अधिप्राप्ति अभियान को मिशन मोड में चलाने के निर्देश
समीक्षा बैठक में "रबी विपणन मौसम 2026-27" के तहत मसूर अधिप्राप्ति अभियान की भी समीक्षा की गई। सचिव ने अधिकारियों को मिशन मोड में खरीद सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक किसानों से मसूर खरीद कर उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ दिलाया जाए।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में विभाग के विशेष सचिव विभूति रंजन चौधरी, विशेष कार्य पदाधिकारी विनोद कुमार तिवारी, बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक सुनील कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा सहकारिता विभाग, NAFED और NCCF के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया। विभाग की ओर से यह भी जानकारी दी गई कि विभागीय सचिव प्रतिदिन अपराह्न 1 बजे से 2 बजे तक जनप्रतिनिधियों और आम आगंतुकों से मुलाकात करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications