68 के हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पीएम मोदी ने खास अंदाज में दी बधाई
नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपना 68वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर राजनेताओं के अलावा समर्थकों की ओर से बधाइयां दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर बिहार के सीएम नीतीश कुमार को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ्य और दीर्घ जीवन की कामना की है। पीएम मोदी ने एक बधाई संदेश भी दिया है। पीएम मोदी के अलावा और भी कई नेताओं ने नीतीश कुमार को बधाई दी है।
पीएम ने अपने ट्वीट में लिखा है मेरे मित्र और कठिन परिश्रम करने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के कुशल नेतृत्व से बिहार सालों के कुशासन से उबरने में कामयाब रहा है। जनता के प्रति उनके शासन ने लोगों के मन में जगह बनाई है। मैं उनके दीर्घायु और स्वस्थ्य जीवन की कामना करता हूं। बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनकी सादगी और ईमानदारी के लिए भी जाना जाता है। उन्होंने सत्ता में रहते हुए राज्य के लिए कई ऐसे फैसले लिए हैं जो बिहार को विकास की अग्रसर कर रहा है।
नीतीश कुमार के सत्ता में आने के बाद खासकर लंबे समय से रूकी हुई बुनियादी ढांचा परियोजनओं को पूरा करना, शिक्षकों की नियुक्ति करना और स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की उपस्थिति जैसे कई अहम काम किए हैं। केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु, अरुण जेटली, पीयूष गोयल और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट कर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
नीतीश कुमार ने 1971 में राम मनोहर लोहिया की युवा शाखा के सदस्य के रूप में राजनीति में कदम रखा, जिसे समाजवादी युवजन सभा कहा जाता था। 1974 और 1977 के बीच जयप्रकाश नारायण के आंदोलन या जेपी आंदोलन में एक सक्रिय भागीदार के रूप में उभरे, इसके बाद वह राजनीति में शामिल हो गए और कुछ साल बाद 1985 में बिहार विधानसभा के लिए चुने गए।