जो भगवान राम का नहीं, वो किसी का नहीं’ — बिहार चुनाव में सीएम डॉ. मोहन यादव का विपक्ष पर तीखा प्रहार
मोहन यादव बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए उम्मीदवारों के लिए सक्रिय रूप से प्रचार कर रहे हैं, विकास और एकता पर जोर दे रहे हैं और विपक्ष की आलोचना कर रहे हैं। उनकी रैलियां एनडीए की लोक कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता पर केंद्रित हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में पूर्वी चंपारण जिले की ढाका, चिरैया, नरकटिया और मोतिहारी विधानसभाओं में जोरदार प्रचार किया। उन्होंने रोड शो और कई जनसभाओं के जरिए जनता से एनडीए के पक्ष में मतदान की अपील की। प्रचार से पहले सीएम डॉ. यादव ने सीतामढ़ी के पुनौरा धाम जाकर दर्शन किए।

चुनावी रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि *"कांग्रेस और उसके साथी देश के दुश्मनों के सुर में सुर मिलाते हैं। उन्होंने देश में अशांति फैलाई और हिंदू-मुस्लिम दंगे कराए।"* उन्होंने जनता से कहा कि एनडीए सरकार ही जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और वही जनता के सपनों को साकार कर सकती है।
डॉ. मोहन यादव ने चिरैया में लालबाबू प्रसाद गुप्ता, ढाका में पवन जायसवाल, मोतिहारी में पवन कुमार और नरकटिया में विशाल साह के समर्थन में सभाएं कीं। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती माता सीता से जुड़ी है और भगवान राम के जीवन में बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा, *"कांग्रेस ने वर्षों तक भगवान राम के मुद्दे को विवादों में रखा और समाज में नफरत फैलाने का काम किया। जब राम मंदिर का फैसला आया, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य नेता वहां उपस्थित थे, लेकिन राहुल गांधी और उनके साथी उस ऐतिहासिक पल से दूर रहे। जो भगवान राम का नहीं, वो किसी का नहीं।"*
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जब हम भगवान राम की बात करते हैं तो कांग्रेस वाले कहते हैं कि यह राजनीति है। उन्होंने कहा, "अगर हम राम की बात नहीं करेंगे तो क्या हराम की करेंगे?" उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में ‘बाबा महाकाल लोक’ बनने से धार्मिक पर्यटन बढ़ा, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदली और काशी में विकास ने इतिहास रच दिया। अब समय है कि सीता मैया की धरती बिहार में भी वैसा ही परिवर्तन आए।
"बिहार में बहार है, एनडीए सरकार है"
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 11वीं से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। किसानों की आय बढ़ाने से लेकर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तक, एनडीए सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा, "जब हम माताओं-बहनों के खाते में दस हजार रुपये डालते हैं तो कांग्रेसियों को परेशानी होती है। उन्होंने कभी किसी बहन को एक फूटी कौड़ी नहीं दी। हम तो दस हजार भी देंगे और दो लाख रुपये भी देंगे।" मुख्यमंत्री ने कहा कि "एनडीए के प्रत्याशी जनता के जांचे-परखे उम्मीदवार हैं। आप उन्हें जिताइए, ताकि कीचड़ में कमल खिले और हर घर में समृद्धि आए।" सीएम डॉ. मोहन यादव ने जनसभाओं में कहा — "बिहार में बहार है, क्योंकि एनडीए सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जनकल्याण का काम लगातार जारी रहेगा।"












Click it and Unblock the Notifications