बिहार चुनाव: राहुल गांधी ने ईवीएम को कहा, मोदी वोटिंग मशीन
नीतीश कुमार और पीएम मोदी बताएं बिहार में सड़क कहां बची है: राहुल
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज चुनाव प्रचार के लिए बिहार में हैं। यहां मधेपुरा के बिहारीगंज में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने सीएम नीतीश कुमार और पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने ईवीएम को भी मोदी वोटिंग मशीन कहते हुए इस पर सवाल उठाया। बिहारीगंज से पूर्व केंद्रीय मंत्री और नीतीश कुमार केे सहयोगी रहे शरद यादव की बेटी कांग्रेस से चुनाव लड़ रही हैं। राहुल ने यहां उनके लिए वोट मांगे हुए कहा कि एनडीए की सरकार में राज्य को पीछे धकेला जा रहा है और विकास के रास्ते से हटाया जा रहा है। राहुल ने पीएम मोदी से सवाल करते हुए कहा, मोदी कहते हैं कि मैंने किसान को आजाद किया। अब किसान अपना धान, गन्ना कहीं भी बेच सकता है। नरेंद्र मोदी ये तो बताएं कि क्या किसान हवाई जहाज से जाकर फसल बेचेगा या सड़क पर चलेग। अगर सड़क पर चलेगा तो बिहार में सड़क कहां हैं? बिहार में सड़क तो बची ही नहीं है।
Recommended Video

शरद यादव की बेटी को चुनाव जिताइए: राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने बिहारीगंज में कहा, पहले पीएम मोदी ने कहा था कि हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार दिलवाएंगे फिर नीतीश कुमार ने कहा बिहार को बदल दूंगा। इस चुनाव में वही युवा उनसे पूछते हैं कि हमें रोजगार क्यों नहीं दिया तो नीतीश कुमार उन्हें धमकाते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि शरद यादव की बेटी सुभाषिनी यादव इस चुनाव में बिहारीगंज सीट से चुनाव मैदान में हैं। मैं आपसे गारंटी चाहता हूं आप शरद यादव की बेटी को चुनाव जिताएंगे।

नोटबंदी, किसान, लॉकडाउन का मुद्दा उठाया
राहुल गांधी ने नोटबंदी और लॉकडाउन को लेकर भी अपने भाषण में सवाल किए। राहुल ने कहा, उस समय आप लाइन में खड़े थे, क्या कोई काला धन वाला लाइन में था? क्या कोई अरबपति लाइन में लगा था। बिहार देश को 20 फीसदी मक्का देते है लेकिन क्या आपको सही दाम मिलता है। सही दाम दिलवाने के लिए पीएम मोदी और नीतीश कुमार ने क्या किया? मोदी कहते हैं कि हमने किसान को आजाद किया कि वो अपना मक्का-धान देश में कहीं भी जाकर बेच सकते हैं। लेकिन किसान कैसे बेचेगा, बिहार में सड़क कहां है।
राहुल गांधी ने कहा, जब कोरोना आया तो पीएम मोदी ने बिना कोई वार्निंग, बिना नोटिस लॉकडाउन कर दिया। मजदूरों को इस दौरान भूखे प्यासे पैदल यहां आना पड़ा। मैंने मजदूरों से बात की तो उन्होंने कहा कि हम रोज काम करते हैं तो रोज कमाते हैं। हमें एक दिन का समय मिलता तो हम अपने गांव वापस लौट जाते।

राज्य में तीसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार
बिहार में इस समय विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार हो रहा है। बिहार में 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है।पहले चरण के लिए 28 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी और दूसरे चरण में 3 नवंबर वो वोट पड़े हैं। तीसरे और आखिरी चरण का चुनाव 7 नवंबर को होगा। नतीजों का ऐलान 10 नवंबर को होगा। बता दें कि इस समय बिहार में एनडीए (जदयू+भाजपा) की सरकार है। इस चुनाव में भी एनडीए और महागठबंधन(राजद, कांग्रेस, वामपंथी दल) में मुख्य मुकाबला माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications