'पर्दे के अंदर रहना है तो पढ़ाई क्यों की'? हिजाब पर उठे सवाल पर सना ने दिया ये जवाब
नई दिल्ली, 23 जून: बॉलीवुड एक्ट्रेस और बिग बॉस फेम सना खान ने पिछले साल इंडस्ट्री को अलविदा कह दिया था। इसके बाद से वो किसी शो, फिल्म या विज्ञापन में नजर नहीं आईं, लेकिन अपनी निजी जिंदगी को लेकर वो हमेशा चर्चा में रहती हैं। वैसे तो उन्होंने अनस सईद से शादी कर अपने ग्लैमरस लुक को छोड़ दिया है। इस वजह से शादी के बाद वो ज्यादातर हिजाब या फिर सिंपल कपड़ों में नजर आती हैं। जिस पर कुछ लोगों ने सवाल उठाए थे। ऐसे में अब खुद एक्ट्रेस ने इस पर जवाब दिया है।

पति ने खींची तस्वीर
दरअसल हाल ही में सना ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो पोस्ट की, जिसमें उन्होंने हिजाब पहन रखा था। पोस्ट के साथ उन्होंने बताया कि ये प्यारी तस्वीर उनके पति अनस ने खींची हैं। इस पर कुछ यूजर्स ने उनके हिजाब पहनने पर सवाल उठा दिए। साथ ही सना को ट्रोल करना शुरू कर दिया। जिस वजह से वो भी खुद को रोक नहीं पाईं और ट्रोलर्स को मुंहतोड़ जवाब दिया।

कैप्शन में लिखी ये बात
हिजाब वाली फोटो के साथ सना ने कैप्शन लिखा कि सुनो, लोगों से डरते क्यों हो? क्या तुमने ये आयत नहीं पढ़ी, 'अल्लाह जिसे चाहे इज्जत देता है और अल्लाह जिसे चाहे जिल्लत देता है। कभी इज्जतों में जिल्लत छुपी होती है और कभी जिल्लतों में इज्जत। सोचना और समझना हमें है कि हम कौन-से रास्ते पर हैं और असल में हम किस चीज के हकदार बन रहे हैं। इस पर एक यूजर ने लिखा कि आपकी पढ़ाई का क्या फायदा, जब आपको भी सबकी तरह पर्दे के अंदर रहना है।

'मेरे ससुराल वाले अच्छे'
इस पर जवाब देते हुए सना ने लिखा कि मेरे भाई, मुझे अच्छे पति, अच्छे सास-ससुर मिले हैं। मैं पर्दे में रहकर काम भी कर सकती हूं, तो मुझे और क्या चाहिए। सबसे ज्यादा जरूरी है कि अल्लाह मेरी रक्षा कर रहा है, हर तरीके से और मैंने अपनी पढ़ाई भी पूरी कर ली है, ऐसे में क्या ये जीत वाली स्थिति नहीं है? हालांकि सना के इस जवाब को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। साथ ही ये भी कह रहे कि इंसान को उसकी मर्जी से जीने का हक है।












Click it and Unblock the Notifications