बिग बॉस फेम जसलीन मथारू के पिता को मिली धमकी, फोन पर कहा- अगर पैसे ना मिले तो...
जसलीन के घर पर फोन करने वाले शख्स ने कहा, 'तेरी फैमिली को मार दूंगा अगर तुमने पैसे नहीं दिए।'
नई दिल्ली। टेलीविजन के मशहूर रिएलिटी शो बिग बॉस से सुर्खियों में आईं मॉडल और सिंगर जसलीन मथारू अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी हॉट और खूबसूरत तस्वीरों को लेकर चर्चाओं में बनी रहती हैं। बिग बॉस में भजन गायक अनूप जलोटा के साथ उनका अफेयर भी काफी सुर्खियों में रहा था। हालांकि इन दिनों जसलीन मथारू अपने परिवार को लेकर बहुत परेशान चल रही हैं। दरअसल किसी अनजान शख्स ने जसलीन मथारू के पिता को फोन करके रंगदारी मांगी है और ना देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है।

फोन पर जसलीन के पिता से मांगी रंगदारी
SPOTBOYE की एक्सक्लूसिव खबर के मुताबिक, अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर जसलीन मथारू इन दिनों काफी परेशान चल रही हैं। हाल ही में जसलीन के पिता केसर मथारू को अंजान नंबर से एक फोन आया और उनसे रुपयों की मांग की गई। फोन करने वाले शख्स ने जसलीन के पिता को धमकी दी कि अगर उन्होंने उसे पैसे नहीं दिए तो वो उनके परिवार को खत्म कर देगा। फोन करने वाले शख्स ने कहा, 'तेरी फैमिली को मार दूंगा अगर तुमने पैसे नहीं दिए।'

'धमकी भरे फोन मुझे आए हैं, जसलीन को नहीं'
धमकी मिलने के बाद जसलीन के पिता केसर मथारू ने मुंबई के ओशीवारा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले को लेकर जब जसलीन के पिता से संपर्क किया गया तो उन्होंने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, 'धमकी भरे फोन मुझे आए हैं, जसलीन को नहीं। पुलिस उसके बाद देखने आई थी और उन्होंने मेरी बिल्डिंग की सिक्योरिटी चेक की। वो आदमी मुझे और मेरी फैमिली को मार देने की धमकी दे रहा था। उस आदमी ने मुझे कई बार फोन किया।'

घर से बाहर नहीं निकल रहीं जसलीन
इस मामले को लेकर जब ओशीवारा पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस ऑफिसर दयानंद बांगड़ से बात की गई तो उन्होंने जानकारी देते हुए बताया, 'हां, केसर मथारू ने शिकायत दर्ज कराई है। हमारी टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके आगे की जानकारी अभी नहीं दी जा सकती।' वहीं जसलीन से जुड़े एक करीबी सूत्र ने बताया कि 'स्वयंवर' सीरियल को लेकर 12 मार्च को मीडिया को दिए गए एक इंटरव्यू के बाद से जसलीन मथारू अपने घर से बाहर नहीं निकली हैं।

अनूप जलोटा के साथ अफेयर को लेकर बटोरीं थी सुर्खियां
गौरतलब है कि बिग बॉस के सीजन-12 में भजन गायक अनूप जलोटा के साथ अफेयर को लेकर जसलीन मथारू काफी सुर्खियों में रहीं थी। हालांकि बाद में दोनों अलग हो गए और बताया कि बिग बॉस में इन दोनों को अफेयर स्क्रिप्टेड था। पिछले दिनों जसलीन ने अपने इंस्टाग्राम पर एक टिक टॉक वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें वो अनूप जलोटा के साथ ही नजर आ रहीं थी। जानकारी के मुताबिक जसलीन इन दिनों अनूप जलोटा के साथ अपनी आने वाली फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म का नाम है- 'वो मेरी स्टूडेंट है'।

'मुझसे शादी करोगे' का भी हिस्सा रह चुकी हैं जसलीन
बिग बॉस शो के दौरान उनका कंटेंस्टेंट दीपक ठाकुर के साथ विवाद भी हुआ था और उन्होंने शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसके अलावा जसलीन मथारू कलर्स टीवी पर शहनाज गिल और पारस छाबड़ा के रियलिटी शो 'मुझसे शादी करोगे' का भी हिस्सा रह चुकी हैं। आपको बता दें कि जसलीन मथारू एक मॉडल और सिंगर होने के अलावा एक बेहतरीन डांसर भी हैं। भरतनाट्यम, हिप-हॉप, साल्सा और बेली-डांसिंग में जसलीन को महारत हासिल है।












Click it and Unblock the Notifications