दिल्ली में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने पर भड़के बिग बॉस के ये एक्स-कंटेस्टेंट, उठाए तीखे सवाल
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतगणना जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, सियासी तस्वीर साफ होती जा रही है। एक बार फिर से दिल्ली की आवाम ने अरविंद केजरीवाल पर भरोसा जताया है। आम आदमी पार्टी को प्रचंड बहुमत मिलता दिख रहा है, वहीं इस चुनाव में बीजेपी की भी सीटों में इजाफा नजर आ रहा है। पिछले चुनाव में 3 सीटें पाने वाली बीजेपी इस बार दहाई का आंकड़ा पार करती नजर आ रही है। दूसरी ओर बात करें कांग्रेस की तो उन्हें एक बार फिर से खाली हाथ ही रहना पड़ा है। 2015 में एक भी सीट नहीं जीतने वाली कांग्रेस का इस चुनाव में भी खाता खुलता नहीं दिख रहा। कांग्रेस के लचर प्रदर्शन पर बिग बॉस के एक्स कंटेस्टेंट और कांग्रेस समर्थक माने जाने वाले तहसीन पूनावाला ने सवाल उठाए हैं।

तहसीन पूनावाला के निशाने पर कांग्रेस नेतृत्व
मंगलवार को दिल्ली चुनाव की काउंटिंग शुरू होने के बाद जैसे-जैसे रुझान आने शुरू हुए सियासी गहमागहमी भी तेज हो गई। आम आदमी पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस, तीनों प्रमुख पार्टियों की नजरें चुनाव नतीजों पर थीं। हालांकि, मतगणना के आगे बढ़ते ही साफ हो गया कि आम आदमी पार्टी एक बार फिर दिल्ली की सत्ता पर काबिज होने जा रही है। बीजेपी इस बार भी दूसरे नंबर पर रही, जबकि कांग्रेस का फिर से सूपड़ा साफ रहा। पार्टी दिल्ली में कोई खाता नहीं खोल सकी। कांग्रेस के इस प्रदर्शन पर तहसीन पूनावाला ने पार्टी नेतृत्व को घेरा, उन्होंने करारी शिकस्त पर पार्टी के रणनीतिकारों के रवैये पर निशाना साधा।
कांग्रेस के एक नेता पर पूनावाला का वार, कही बड़ी बात
तहसीन पूनावाला ने बैक टू बैक किए गए ट्वीट में पार्टी नेतृत्व के साथ-साथ दिल्ली कांग्रेस के एक नेता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, 'मैंने अपने पूरे जीवन में सिर्फ कांग्रेस को वोट दिया। जब मैं पुणे चला गया फिर भी मैंने कांग्रेस को ही वोट किया। आज जिस तरह से कांग्रेस पिछड़ रही है उसे ऐसा देखकर बेहद दुख होता है। कांग्रेस ने #DelhiElection2020 का चुनाव #SheilaDikshit के नाम पर लड़ा, जिनका कुछ दिन पहले ही निधन हुआ था, फिर भी पार्टी के एक नेता गंभीर नहीं हुए।'

शीला दीक्षित का जिक्र कर पार्टी से कही ये इमोशनल बात
पूनावाला ने अगले ट्वीट में लिखा, 'आखिर इस बार पार्टी नेतृत्व की ओर से कहने के बावजूद भी इस नेता ने चुनाव क्यों नहीं लड़ा। ये वही नेता हैं जो शीला दीक्षित के मुख्यमंत्री रहने के दौरान उनके खिलाफ मीडिया में ख़बरें लीक करते थे। उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस को बर्बाद कर दिया और जब चुनाव लड़ने के लिए कहा गया तो भाग गए!'
तहसीन ने क्यों किया तेजेंदर बग्गा और राघव चड्ढा का जिक्र
तहसीन पूनावाला ने आम आदमी पार्टी और बीजेपी के रणनीतिकारों के लिए गए फैसलों का जिक्र करते हुए भी कांग्रेस पर सवाल खड़े किए। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'और कांग्रेस से यही कहना चाहता हूं कि आप कब तक दूसरी पार्टियों के सितारों को बनाएंगे- क्यों आप अपने कार्यकर्ताओं को नेता नहीं बना सकते। सहमति या असहमति के साथ ही @TajinderBagga या @raghav_chadha को उनकी पार्टियों ने जमकर समर्थन किया। यहां ये पार्टी उन लेफ्टिस्ट कार्यकर्ताओं पर भरोसा करती है, जो कांग्रेस के वोट काटते हैं और पार्टी नेतृत्व का मजाक उड़ाते हैं।' तहसीन पूनावाला ने एक और ट्वीट में कांग्रेस से अपने टैलेंट को आगे बढ़ाने की अपील की।












Click it and Unblock the Notifications