Bigg Boss 14: एजाज खान को किसी के छुने से क्या है दिक्कत?, प्रोड्यूसर दोस्त ने बताई सच्चाई
Bigg Boss 14: एजाज खान को किसी के छुने से क्या है दिक्कत?, प्रोड्यूसर दोस्त ने बताई सच्चाई
Bigg Boss 14 Eijaz Khan Update News: रियलिटी शो बिग बॉस-14 से हाल ही में बाहर हुए एजाज खान ने शो में अपने बचपन के एक डार्क सीक्रेट के बारे में चौंकाने वाला खुलासा किया था। एजाज खान ने एक टास्क के दौरान बताया था कि बचपन में उनका शारीरिक शोषण किया गया था। एजाज खान ने बताया था कि बचपन में उनका शोषण किया गया था और इसी वजह सो उन्हें आज भी टच से डर लगता है। ये कहकर शो में एजाज खान बहुत रोए भी थे। उन्होंने ये भी कहा था कि इसके लिए वो बिल्कुल भी शर्मिंदा नहीं हैं...क्योंकि उन्हें पता है कि उन्होंने कोई गलती नहीं की है। अब इस पूरे मामले पर एजाज खान के निर्माता (प्रोड्यूसर ) दोस्त संदीप सिकंद (Sandiip Sikcand) ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया है कि एजाज खान को किसी के छुने (टच) से क्या दिक्कत होती है?

शुरू में, मैं उसे (एजाज) गले नहीं लगाता था- संदीप सिकंद
टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए संदीप सिकंद ने कहा, '' अब जब मैं एजाज से मिलता हूं, तो हम हमेशा एक-दूसरे को गले लगाते हैं। समस्या यह है कि उसके साथ रहने वाले लोगों को उसके लिए आस-पास कम्फर्टेबल माहौल बनाना पड़ता है और सहज होना पड़ता है। उसके बाद ही वह (एजाज) वह गले लगाने या फिर किसी के साथ फिजिकल टच के लिए पहल कर पाता है। मैं उसे 18 साल से जानता हूं और शुरू में, मैं उसे गले नहीं लगाता था; हम मिलते थे तो सिर्फ हाथ मिलाते थे। मुझे एक घटना याद है जब वह मेरे घर पर आ रहा था तो मेरी मां गले लगकर उसका स्वागत करने आई थी, लेकिन उसने बहुत विनम्रता से मेरी मां को समझाया कि वह इसके लिए कम्फर्टेबल नहीं है। लेकिन अब जब वह मुझे अच्छी तरह से जानता है, तो वह खुद से मिलने पर हमे गले लगा लेता है।''

एजाज के साथ सेंसिटिव तरीके से डील करना पड़ता है- संदीप सिकंद
संदीप सिकंद ने एजाज खान के बारे में आगे कहा, ''मुझे लगता है कि उन्हें (एजाज खान) किसी के साथ तालमेल बनाने में काफी समय लगता है। ऐसा नहीं है कि वह सोचता है, 'हे भगवान, मैं किसी को छू नहीं सकता'। घर के लोग (बिग बॉस 14 घर) कभी-कभी बेवकूफ जैसे बर्ताव करते हैं और बिना किसी बात के मुद्दे को बड़ा बना देते हैं। मुझे लगता है कि यह एक मनोवैज्ञानिक और भावनात्मक समस्या है, जिसे किसी को भी संवेदनशील (सेंसिटिव) तरीके से निपटना है चाहिए।''

फिल्म की शूटिंग के लिए एजाज खान Bigg Boss 14 से हुए बाहर
सोमवार (18 जनवरी) को दिखाए गए शो में एजाज खान बिदग बॉस-14 के घर से बाहर हो गए हैं। हालांकि एजाज खान शो से नॉमिनेट होकर बाहर नहीं गए हैं बल्कि वो अपनी एक फिल्म की शूटिंग को लेकर बाहर हुए हैं। जिसके बारे में शो में बिग बॉस द्वारा बताया गया है। बिग बॉस में बताया गया है कि शो को फरवरी तक एक्सटेंड कर दिया गया है। जबकि शो के प्रीमियर के मुताबिक शो को 18 जनवरी 2021 को ही खत्म होना चाहिए था। इसी वजह से अपनी फिल्म की शूटिंग के लिए एजाज खान ने जनवरी 2021 के आखिरी हफ्तों का वक्त दिया था। इसी वजह से एजाज खान को फिल्म की शूटिंग के लिए बाहर जाने दिया गया है।

क्या एजाज खान करेंगे फिर से शो में वापसी?
बिग बॉस-14 में एजाज खान की प्रॉक्सी कंटेस्टेंट के तौर पर देवोलीना भट्टाचार्य को लाया गया है। लेकिन शो में इस बात का भी ऐलान किया गया है कि एजाज खान शो में फिर से वापसी कर सकते हैं। बिग बॉस ने एजाज खान के घर से बाहर होते वक्त ये बताया कि जब तक एजाज खान शो में वापस नहीं आ जाते तब तक उनकी जगह देवोलीना भट्टाचार्य शो में रहेंगी और एजाज के तौर पर सारे फैसले लेंगी। हालांकि कोई तारीख या वक्त नहीं बताया गया है कि एजाज खान शो में वापस कब आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications