छत्तीसगढ़ः सीएम भूपेश बघेल ने सावरकर को लेकर दिया विवादित बयान
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि पर सोमवार को विवादित बयान दिया। बघेल ने नेहरू की पुण्यतिथि के मौके पर रायपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि सावरकर ने सबसे पहले दो राष्ट्र के सिद्धांत के बारे में विचार किया था, जिसे बाद में मोहम्मद अली जिन्नाह ने अपनाया। उनके बयान के बाद राजनीतिक घमासान मच सकता है।

सावरकर पर बघेल क्या बोले?
छत्तीगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विनायक दामोदर सावरकर ने सबसे पहले दो राष्ट्र के सिद्धांत के बारे में विचार किया था। जिसे बाद में मोहम्मद अली जिन्नाह ने अपनाया। सावरकर ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी लेकिन जेल जाने के बाद अंग्रेजो को दर्जनों माफी पत्र लिखे और छूटने के बाद आजादी के आंदोलन में शामिल नही हुए।
भूपेश बघेल ने नेहरू को याद करते हुए आगे कहा कि नेहरू जी के भारत को बदलने की कोशिश की जा रही है। लगता है जो नींव नेहरू जी ने भारत निर्माण के लिए डाली थी उसमें से कुछ खिसक गई है। गौरतलब है कि 23 मई को लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे। बीजेपी ने छत्तीसढ़ में 10 सीटों पर जीत दर्ज की है। जबकि कांग्रेस को मात्र एक सीट से संतुष्ट होना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications