नागरिकता कानून के विरोध में भारत रत्न भूपेन हजारिका के परिवार ने सम्मान लौटाने का किया ऐलान
नई दिल्ली। भारत रत्न से सम्मानित भूपेन हजारिका के परिवार ने सम्मान लौटाने का ऐलान किया है। गायक, संगीतकार और फिल्मकार भूपेन हजारिका को 25 जनवरी 2019 को मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया, लेकिन नागरिकता संशोधन विधेयक के विरोध में उनके परिवार ने भारत रत्न सम्मान लौटाने का निर्णय लिया है।
आपको बता दें कि इस विधेयक को लेकर असम में विरोध प्रदर्शन का दौर चल रहा है। पिछले कई दिनों से विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इस नागरिक संशोधन बिल के विरोध में भूपेन हजारिका के परिवार ने सम्मान लौटाने का ऐलान किया है। आपको बता दें कि भूपेन हजारिका ने असम ने असम और पूर्वोत्तर भारत के संस्कृति और लोक संगीत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने हिंदी सिनेमा के माध्यम से असमिया संगीत को लोकप्रिय करने में अहम योगदान दिया। भूपेन हजारिका को संगीत और असम के विकास में योगदान के लिए इसी साल भारत रत्न से सम्मानित किया गया, लेकिन अब उनके परिवार ने इसे लौटाने का ऐलान कर दिया है।
गौरतलब है कि नागरिकता संशोधन विधेयक के जरिए पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के भारत आए या जिनके वैध दस्तावेजों की समय सीमा खत्म हो गई है उन्हें भारतीय नागरिकता प्राप्त करने लायक बनाता है।