MP News: सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन, बोले- गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को मिलेगा लाभ

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भोपाल में श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का उद्घाटन किया, और इसकी क्षमता पर प्रकाश डाला कि यह औद्योगिक विकास को बढ़ावा देगा, 15,000 से अधिक रोज़गार पैदा करेगा, किसान और कपड़ा क्षेत्रों को मजबूत करेगा, और लक्षित योजनाओं व निवेश के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को आगे बढ़ाएगा।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को राजधानी भोपाल के सतगढ़ी क्षेत्र में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगी और गरीबों, किसानों, युवाओं तथा महिलाओं के कल्याण का माध्यम बनेगी।

Shyama Prasad Mukherjee Park to Drive MP Industry

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश का डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से विशेष जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर भोपाल को स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क और आधुनिक कन्वेंशन सेंटर की बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहा है और मध्यप्रदेश भी विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र किसानों के लिए समृद्धि का नया मार्ग खोलेंगे और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि गारमेंट उद्योग से कपास उत्पादक किसानों को लाभ होगा और सरकार खेत, उद्योग और बाजार को जोड़ने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि झीलों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध भोपाल अब औद्योगिक विकास की नई पहचान भी बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में 15 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में निवेश आधारित विकास को गति मिली है और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 के माध्यम से प्राप्त 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। उन्होंने कहा कि जनवरी से अब तक निवेशकों के साथ 86 हजार करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहन योजना के तहत अब तक 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं को दी जा चुकी है। साथ ही रोजगार आधारित उद्योगों में कार्य करने वाली महिलाओं को अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।

यूसीसी लागू करने की दिशा में बढ़ रहा मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने "एक देश, एक विधान, एक निशान और एक प्रधान" का सपना देखा था। उसी सोच के अनुरूप मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सभी धर्म और समुदायों से सुझाव लेकर इस दिशा में काम किया जा रहा है ताकि किसी के साथ भेदभाव न हो।

उन्होंने कहा कि अमेरिका, जापान, ब्रिटेन, कनाडा और दक्षिण कोरिया जैसे देशों से मध्यप्रदेश को लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का विदेशी निवेश प्राप्त हुआ है। प्रदेश में बिजली, सड़क और पानी जैसी आधारभूत सुविधाओं में तेजी से सुधार किया जा रहा है।

आधुनिक कन्वेंशन सेंटर भी बनेगा

मुख्यमंत्री ने बताया कि सतगढ़ी क्षेत्र में 25 एकड़ भूमि पर 10 हजार लोगों की क्षमता वाला आधुनिक कन्वेंशन सेंटर भी बनाया जाएगा, जो प्रदेश का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर होगा। उन्होंने कहा कि सतगढ़ी क्षेत्र भविष्य में औद्योगिक विकास का बड़ा केंद्र बनेगा।

प्रदेश को मिलेगा औद्योगिक विकास का नया केंद्र

राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से औद्योगिक राज्य बन रहा है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 के बाद अब निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतरते दिखाई दे रहे हैं।

विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क भोपाल की नई पहचान बनेगा और इससे बड़ी संख्या में युवाओं तथा महिलाओं को रोजगार मिलेगा।

रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है परियोजना

औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन विभाग और एमएसएमई विभाग के प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप लगभग 70 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जाएगी। उन्होंने कहा कि परियोजना का स्थान रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। यह राष्ट्रीय और राज्य राजमार्ग से करीब 1.4 किलोमीटर दूर स्थित है तथा रानी कमलापति रेलवे स्टेशन और राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उत्कृष्ट संपर्क रखता है।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना भोपाल को पारंपरिक उद्योगों के साथ-साथ नई अर्थव्यवस्था से जुड़े उद्योगों का भी प्रमुख केंद्र बनाएगी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+